इंडी गठबंधन से अलग हुई आपा
सांसद संजय सिंह ने कांग्रेस की भूमिका पर उठाए सवाल
नई दिल्ली, 18 जुलाई, (एजेंसियां)। आम आदमी पार्टी (आपा) ने शुक्रवार को ‘इंडिया’ गठबंधन से अपनी दूरी बनाते हुए कहा कि वह अब विपक्षी गठजोड़ का हिस्सा नहीं है और इसका नेतृत्व करने में कांग्रेस पार्टी की भूमिका पर सवाल उठाया। राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने देश में मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा के लिए शनिवार शाम ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के नेताओं की डिजिटल माध्यम से होने वाली बैठक से एक दिन पहले यह टिप्पणी की।
कांग्रेस की आलोचना करते हुए संजय सिंह ने विपक्षी गठबंधन का नेतृत्व करने में उसकी भूमिका पर सवाल उठाया। उन्होंने पूछा, यह बच्चों का खेल नहीं है। क्या लोकसभा चुनाव 2024 के बाद उन्होंने कोई बैठक की? क्या इंडिया गठबंधन के विस्तार की कोई पहल हुई? कभी वे अखिलेश यादव की आलोचना करते हैं, कभी उद्धव ठाकरे की, तो कभी ममता बनर्जी की। इंडिया ब्लॉक को एकजुट रहना चाहिए था। कांग्रेस इस गठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी है। लेकिन क्या उसने विपक्षी एकता सुनिश्चित करने में कोई भूमिका निभाई?
सरकार का विरोध करने में आम आदमी पार्टी की भूमिका पर संजय सिंह ने कहा कि पार्टी हमेशा से ही सत्तारूढ़ दल का कड़ा विरोध करती रही है। हम पूरी ताकत से ऐसा करेंगे। गुजरात में विसावदर विधानसभा उपचुनाव जीतने के बाद, केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि सत्तारूढ़ भाजपा ने उनकी पार्टी को हराने के लिए कांग्रेस को भेजा था। संजय सिंह ने कहा, आम आदमी पार्टी ने अपना रुख साफ कर दिया है। इंडिया गठबंधन लोकसभा चुनाव 2024 के लिए था। हमने दिल्ली और हरियाणा विधानसभा चुनाव अकेले लड़ा। हम बिहार (विधानसभा) चुनाव अकेले लड़ने जा रहे हैं। हमने पंजाब और गुजरात में उपचुनाव अपने बूते लड़ा। आप इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं है। हम लोकसभा में जोरदार तरीके से मुद्दे उठाएंगे। हमने हमेशा एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाई है।
लोकसभा चुनाव के बाद इंडिया ब्लॉक की पहली बैठक
सोमवार से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र से ठीक पहले यह बैठक होने जा रही है। इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस (इंडिया) गठबंधन के घटक दल लंबे समय के बाद देश की राजनीतिक स्थिति पर मिलकर विचार-विमर्श करेंगे।