खाद्य निगम के 386 नये कर्मचारियों के भर्ती पत्र का वितरण शीघ्र
बेंगलूरु/शुभ लाभ ब्यूरो| खाद्य मंत्री के.एच. मुनियप्पा ने कहा कि खाद्य निगम में भर्ती प्रक्रिया हो चुकी है और जल्द ही खाद्य निगम के 386 नए कर्मचारियों का भर्ती पत्र वितरित किया जाएगा| वसंतनगर के अब्दुल कलाम भवन में आयोजित खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड के 52वें वर्ष के जश्न कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी हो गई है|
मुख्यमंत्री ने इस भर्ती आदेश को अनुमति दे दी है और कुछ ही दिनों में कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र जारी कर दिये जायेंगे| खाद्य निगम ने पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष एमएसपी योजना के तहत खाद्यान्न की खरीद बढ़ा दी है| उन्होंने कहा कि मानव के लिए स्वास्थ्यवर्धक बाजरा एवं मक्का को क्रय केन्द्रों के माध्यम से बड़ी मात्रा में खरीदकर लोगों को वितरित किया जा सकता है तथा इससे मिलने वाला कमीशन निगम के प्रबंधन के लिए भी सहायक होता है| निगम के अध्यक्ष बीजी गोविंदप्पा ने कहा कि देवराज अरासु ने दो बार मुख्यमंत्री के रूप में इस निगम की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी| आज निगम ने ५२ बसंत पूरे कर लिये हैं| उन्होंने कहा कि इस निगम ने बाजरा, चावल और मक्का खरीदकर प्रदेश की जनता को देने में मदद की है| खाद्यान्न की खरीद के लिए प्रदेश भर में क्रय केन्द्र स्थापित कर किसानों को ताकत दी है| इस अवसर पर निगम अध्यक्ष बीजी गोविंदप्पा, पूर्व सांसद चंद्रप्पा, आयुक्त वीवी जोत्सना, निगम निदेशक के.जगदीश, मंत्री के निजी सचिव डॉ.एच.नटराज, प्रबंधक मंजूनाथ, राघवेंद्र, डॉक्टर अंजनप्पा व कर्मचारी उपस्थित थे|

