26/11 के वीर अधिकारी सदानंद दाते होंगे महाराष्ट्र के नए DGP

NIA प्रमुख से राज्य पुलिस की कमान तक का सफर

26/11 के वीर अधिकारी सदानंद दाते होंगे महाराष्ट्र के नए DGP

मुंबई हमलों में घायल होकर भी आतंकियों से भिड़ने वाले IPS दाते संभालेंगे महाराष्ट्र पुलिस का नेतृत्व

नई दिल्ली, 3 दिसम्बर,(एजेंसियां)। महाराष्ट्र में पुलिस नेतृत्व का बड़ा बदलाव होने जा रहा है। 1990 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सदानंद दाते को राज्य का अगला पुलिस महानिदेशक (DGP) बनाए जाने की तैयारी अंतिम चरण में है। वह वर्तमान DGP रश्मि शुक्ला का स्थान लेंगे, जो 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त होने वाली हैं। दाते का कार्यकाल दिसंबर 2026 तक रहने की संभावना है।

सदानंद दाते इस समय राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के महानिदेशक के पद पर सेवा दे रहे हैं। उन्हें पिछले वर्ष 27 मार्च को इस पद की जिम्मेदारी दी गई थी। NIA वही संस्था है जिसे 26/11 के तीन दिवसीय आतंकवादी हमलों के बाद विशेष रूप से आतंकवादी मामलों की जांच के लिए स्थापित किया गया था। पुतिन के भारत दौरे से पहले इस नियुक्ति को और महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि दाते आतंकवाद रोधी अभियानों में सिद्धहस्त माने जाते हैं।

दाते का जीवन संघर्ष और साहस का मिश्रण है। पुलिस सेवा में आने से पहले उन्होंने अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी को पूरा करने के लिए पुणे में अखबार बेचा था। 26 नवंबर 2008 की रात जब मुंबई में 10 आतंकी घुस आए थे, तब दाते मध्य क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त थे। छत्रपति शिवाजी टर्मिनस (CST) पर हमले की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुँचे, लेकिन तब तक आतंकवादी कसाब और इस्माइल अपनी स्थिति बदल चुके थे और कामा अस्पताल की ओर बढ़ गए थे।

बिना पर्याप्त तैयारी और सीमित संसाधनों के बावजूद दाते और उनकी टीम ने आतंकियों का पीछा किया। मुठभेड़ के दौरान आतंकवादियों ने पुलिस पर हथगोले फेंके, जिससे दाते के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं, लेकिन उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना जवाबी कार्रवाई जारी रखी। उनके नेतृत्व और त्वरित निर्णय ने अस्पताल में मौजूद महिलाओं, बच्चों और मरीजों को बड़े नरसंहार से बचाया। अत्यधिक खून बहने के बावजूद वे एक घंटे तक डटे रहे और बेहोश होने तक टीम का मार्गदर्शन करते रहे।

Read More Parliament Winter Session: अमित शाह के खिलाफ संसद में विशेषाधिकार नोटिस, धक्का-मुक्की पर खरगे ने स्पीकर ओम बिरला को लिखा पत्र

उनकी इसी बहादुरी के लिए उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया गया। अब वही अधिकारी महाराष्ट्र पुलिस की कमान संभालने जा रहे हैं, जिससे राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Read More बांग्लादेशी आतंकी संगठन के 8 आतंकी गिरफ्तार