कर्नाटक पुलिस देश में सर्वश्रेष्ठ है: आलोक मोहन
बेंगलूरु/शुभ लाभ ब्यूरो| राज्य पुलिस महानिदेशक आलोक मोहन, जो बुधवार को सेवानिवृत्त हो गए, ने कर्नाटक पुलिस की प्रशंसा करते हुए उसे देश में सर्वश्रेष्ठ बताया| उन्होंने कोरमंगला के केएसआरपी परेड ग्राउंड में आयोजित विदाई परेड की सलामी लेने के बाद यह बात कही| उन्होंने कहा मैंने बेंगलूरु शहर सहित कर्नाटक राज्य की विभिन्न पुलिस इकाइयों में सेवा की है|
उन्होंने कहा कि हर विभाग में काम करते समय सभी वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिकारियों ने मेरा उत्साहवर्धन किया है, मैं उन सभी का आभारी हूं| मैंने ३८ वर्षों तक पुलिस विभाग में सेवा की है| मैंने न केवल राज्य में बल्कि विदेशों में भी सेवाएं दी हैं और वहां अपने कार्यकाल के दौरान मैंने विभिन्न देशों और राज्यों की पुलिस टीमों की सेवाओं का अवलोकन किया है| उन्होंने खुले तौर पर स्वीकार किया कि उन्हें यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि हमारा कर्नाटक पुलिस बल सर्वश्रेष्ठ है|
इस अवसर पर मैंने पहली बार उत्कृष्ट कार्य निष्पादन करने वाले २०० पुलिस अधिकारियों एवं कार्मिकों को राज्य के पुलिस महानिदेशक के नाम से प्रशंसा सेवा पदक प्रदान किया है| सरकार द्वारा केवल २०० लोगों को यह पदक प्रदान करने की अनुमति है| यह सबको नहीं दिया जा सकता| उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग के सभी अधिकारी व कर्मचारी अच्छा काम कर रहे हैं| जुलूस का नेतृत्व पश्चिम डिवीजन डीसीपी गिरीश ने किया|