केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने शिवमोग्गा में मंजूनाथ राव को दी श्रद्धांजलि
लोगों से आतंकवाद से लड़ने के लिए एकजुट रहने की अपील की
बेंगलूरु/शुभ लाभ ब्यूरो| केंद्रीय उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा कि केंद्र सरकार कश्मीर के पहलगाम में पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देगी| उन्होंने लोगों से जाति, धर्म और राजनीतिक दलों की संबद्धता को अलग रखकर एकजुट होने का आह्वान किया| केंद्रीय मंत्री ने गुरुवार को कश्मीर में आतंकी हमले में मारे गए शिवमोग्गा के रियल एस्टेट कारोबारी मंजूनाथ राव को शिवमोग्गा में श्रद्धांजलि दी|
मंजूनाथ राव का पार्थिव शरीर सुबह करीब १०.१५ बजे उनके घर पहुंचा| उनकी पत्नी पल्लवी आर. और बेटा अभिजान बेंगलूरु से एक अलग वाहन में आए| जोशी ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा प्रेरित आतंकवादियों ने पहलगाम आने वाले निर्दोष पर्यटकों पर हमला किया| कई वर्षों से देश आतंकी हमलों का शिकार रहा है| हाल के वर्षों में केंद्र सरकार के प्रभावी उपायों के कारण आतंकी गतिविधियों में कमी आई है| उन्होंने कहा कोविड-१९ लॉकडाउन के बाद तीन साल में जम्मू-कश्मीर आने वाले पर्यटकों की संख्या पांच लाख से बढ़कर २५ लाख हो गई है| राज्य में स्थिति सामान्य हो गई है, जिससे विभिन्न स्थानों से पर्यटक आ रहे हैं| जम्मू-कश्मीर के स्थानीय लोग हाल के घटनाक्रम से खुश हैं| हालांकि, आतंकवादियों ने फिर से हमला किया है| हम उन्हें मुंहतोड़ जवाब देंगे| मंत्री ने कहा कि हमले की प्रतिक्रिया में केंद्र सरकार पहले ही कूटनीतिक कदम उठा चुकी है|
उन्होंने कहा हमें जाति, धर्म और राजनीतिक संघों को अलग रखते हुए एकजुट होना होगा| आइए हम आतंकवादी गतिविधियों को खत्म करें| इस अवसर पर लोकसभा सदस्य बी.वाई. राघवेंद्र, विधायक एस.एन. चन्नबसप्पा, धनंजय सरजी, शारदा पुरयानाइक, पूर्व मंत्री के.एस. ईश्वरप्पा भी मौजूद थे| जिला प्रशासन ने आम जनता और रिश्तेदारों के लिए मंजूनाथ राव को श्रद्धांजलि देने की व्यवस्था की थी|