ममता को सिंदूर की ताकत दिखाएं बंगाल के लोग
बंगाल भाजपा की सांगठनिक सभा में बोले अमित शाह
कोलकाता, 01 जून (एजेंसियां)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और वहां की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस पर आज जमकर निशाना साधा। भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने ऑपरेशन सिंदूर पर की गई टिप्पणी को लेकर ममता और उनकी सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले पर ममता ने चुप्पी साध ली। जब भारतीय सेना ने उस हमले का बदला लिया तो ममता और उनके नेताओं ने फर्जी टिप्पणियां कर ऑपरेशन सिंदूर का अपमान किया। बंगाल की जनता को ममता बनर्जी को सिंदूर की ताकत दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा, हमें पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनानी है, घुसपैठ रोकनी है, भ्रष्टाचार रोकना है, हिंदुओं पर हो रही हिंसा रोकनी है, हिंदुओं का पलायन रोकना है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नेताजी इंडोर स्टेडियम में भाजपा कार्यकर्ताओं की विशेष संगठनात्मक बैठक में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने 2026 विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के रोडमैप पर चर्चा की और तृणमूल कांग्रेस को खूब खरी-खोटी सुनाई। अमित शाह ने कहा, वर्षों तक बंगाल में कम्युनिस्टों का शासन रहा। उसके बाद ममता बनर्जी मां, माटी, मानुष का नारा देकर आईं। उन्होंने बंगाल की महान भूमि को घुसपैठ, महिलाओं पर अत्याचार, अपराध, बम विस्फोट और हिंदुओं के साथ अनैतिकता की भूमि में बदल दिया। ममता के सीएम बनने के बाद पश्चिम बंगाल में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई। दीदी, मेरी बात सुनिए, अब आपका समय खत्म हो गया है। 2026 में भाजपा सरकार बनाएगी।
भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, मैं भरोसा दिलाता हूं कि जैसे ही तृणमूल कांग्रेस सत्ता से हटेगी, हमारे पार्टी कार्यकर्ताओं की हत्याओं के लिए जिम्मेदार लोगों को सजा मिलेगी, भले ही वे जमीन के नीचे क्यों न छिपे हों। अमित शाह ने कहा, पश्चिम बंगाल का चुनाव न केवल बंगाल का भविष्य तय करेगा, बल्कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा से भी जुड़ा है। ममता बनर्जी ने बांग्लादेशियों के लिए देश की सीमाएं खोल दी हैं। वह घुसपैठ की इजाजत दे रही हैं। ममता बनर्जी घुसपैठ नहीं रोक सकतीं, केवल भाजपा सरकार ही ऐसा कर सकती है। हमने उनसे बाड़ लगाने के लिए जमीन मांगी है। वह सीमा पर जमीन नहीं दे रही हैं, ताकि घुसपैठ जारी रहे और उनका वोट बैंक बढ़ता रहे और ममता के बाद ममता का भतीजा सीएम बन जाए। लेकिन ऐसा नहीं होने वाला है।