डिप्टी सीएम केशव मौर्या की आय से अधिक सम्पत्ति की जांच की मांग
लखनऊ, 06 जून (एजेंसियां)। आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेज कर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या के चुनावी शपथपत्र में उनकी सम्पत्ति के संबंध में दी गयी जानकारी से सामने आए तथ्यों की जांच की मांग की है।
अमिताभ ठाकुर ने कहा है कि केशव मौर्या के 2017 के विधान परिषद् तथा 2022 के विधान सभा के चुनावी शपथपत्र के अनुसार उनके द्वारा इस अवधि में कोई नयी अचल सम्पत्ति नहीं खरीदी। 2017 में उनकी चल सम्पत्ति 77,88,519 थी, जो 2022 में बढ़ कर 1,29,45,984 बताई गई। यानि, 51,57,465 रुपए की वृद्धि हुई। इसी प्रकार उन पर विभिन्न प्रकार की देनदारी 2017 में 2,42,11,017 रुपए थी, जो 2022 में 95,77,178 रुपए बताई गई। अर्थात 1,46,33,839 रुपए की देनदारी कम हुई। इस प्रकार इस अवधि में उनकी परिसम्पत्ति में कुल 1,97,91,304 रुपए की बढ़ोत्तरी दिखती है। चुनावी शपथपत्र के अनुसार इस अवधि में केशव मौर्या की कुल आय 62,32,764 रुपए दर्शाई गई है।
अमिताभ ठाकुर ने कहा कि इस प्रकार इन 5 वर्षों की अवधि में केशव मौर्या की परिसम्पत्ति की बढ़ोत्तरी उनकी इस अवधि की आय से अधिक दिखती है, जो जांच का विषय है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इन तथ्यों की जांच कराने और नियमानुसार समुचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।