भारत में नहीं होगी पाकिस्तानी माल की एंट्री
चाहे दुबई से आए या श्रीलंका से
नई दिल्ली, 03 मई (एजेंसियां)। भारत सरकार ने पाकिस्तान में बनी कोई भी वस्तु या पाकिस्तान के जरिए निर्यात हुई किसी भी चीज के आयात और निर्यात पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया जा रहा है।
वाणिज्य मंत्रालय के तहत विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) की ओर से 2 मई 2025 को अधिसूचना जारी की गई है। अधिसूचना में बताया गया कि भारत सरकार ने यह निर्णय राष्ट्रीय सुरक्षा और पब्लिक पॉलिसी संबंधी बातों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि वह पाकिस्तान से अब किसी तरह की साझेदारी नहीं रखेगा।
इस आदेश को लागू करने के लिए 2023 की विदेशी व्यापार नीति (एफटीपी) में एक प्रावधान जोड़ा गया था। जिसके तहत अगले आदेश तक पाकिस्तान से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष आयात प्रतिबंधित रहेगा। इससे पहले कई बार पाकिस्तानी माल श्रीलंका और दुबई जैसी जगहों से घुमा कर आ जाता था। यह फैसला पहलेगामे 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने लिया है। भारत ने सिंधु जल संधि भी निलंबित कर दी है।