अमेरिका यात्रा की अनुमति को अदालत में चुनौती दें प्रियांक खड़गे: पी. चिदंबरम
बेंगलूरु/शुभ लाभ ब्यूरो| पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम ने ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज मंत्री प्रियांक खड़गे को सलाह दी है कि उन्हें अमेरिका की यात्रा की अनुमति न देने के केंद्र सरकार के फैसले को अदालत में चुनौती देना चाहिए|
पी. चिदंबरम ने सोशल मीडिया पर अपनी राय व्यक्त करते हुए कहा कि प्रियांक खड़गे ने आमंत्रण के अनुसार अमेरिका में कुछ कार्यक्रमों में जाने की पेशकश की थी| वहां निवेशकों और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों के साथ चर्चा का कार्यक्रम तय था| हालांकि अमेरिका की यात्रा की अनुमति न दिए जाने से प्रियांक खड़गे काफी निराश हैं| केंद्र सरकार को इस पर तुरंत जवाब देना चाहिए| अगर जवाब संतोषजनक नहीं है तो प्रियांक खड़गे इसे अदालत में चुनौती दे सकते हैं| यात्रा करने और बोलने की सभी को स्वतंत्रता है| चिदंबरम ने कहा कि इस पर अंकुश लगाने के लिए केंद्र सरकार का तानाशाह की तरह काम करना ठीक नहीं है|