भारत पहुंचते ही लगाए वंदे मातरम् के नारे
ऑपरेशन सिंधु के जरिए ईरान से लौटे लोग
नई दिल्ली, 21 जून (एजेंसियां)। दिल्ली एयरपोर्ट पर भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला, जब ऑपरेशन सिंधु के तहत ईरान से 290 भारतीय सुरक्षित स्वदेश लौटे। किसी ने धरती को छूकर नमन किया तो किसी की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। वंदे मातरम् और भारत माता की जय के नारों से माहौल गूंज उठा। अपनों से मिलकर लोगों ने राहत की सांस ली और भारत सरकार को दिल से धन्यवाद दिया।
इजराइल और ईरान में बढ़ते तनाव ने खतरनाक युद्ध का रूप ले लिया है। दोनों देश लगातार से एक दूसरे पर हमला कर रहे है। स्थिति खराब होती देख भारत सरकार ने ईरान और इजराइल में फंसे लोगों की वापसी के लिए ऑपरेशन सिंधु चलाया। ईरान से भारत लौटी एलिया बतूल, जब अपने परिवार से मिलीं तो उनकी आखें नम थीं। उन्होंने कहा, मेरा परिवार बहुत परेशान था। यहां आकर हमें सुकून मिला। भारत सरकार का बहुत-बहुत धन्यवाद। हमें वहां कोई भी समस्या नहीं हुई क्योंकि हमारे दूतावास ने हमारा बहुत साथ दिया। भारत वापस लौटे सैयद मंसूर हुसैन ने कहा, हम सभी ने भारत मां की सरजमीं पर आकर सजदा किया। भारत सरकार का बहुत धन्यवाद। मैं भारत से प्यार करता हूं। ईरान से देश लौटीं तजकिया फातिमा जब अपने परिवार से मिली तो वो फूले नहीं समा रही थी। उन्होंने कहा कि वहां अभी जंग के हालात थे। हमें लग रहा था कि हम कैसे निकलेंगे, लेकिन भारत सरकार के हम शुक्रगुजार हैं। उन्होंने हमें बहुत अच्छे तरीके से निकाल लिया। महबूब अली मुशर्रफ की दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचते ही आखें नम हो गई। उन्होंने भारत आते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और भारत सरकार का शुक्रिया अदा करते हैं। वहां बहुत मुश्किल हालात थे। वहां एक-एक पल बहुत भारी लग रहा था, हिंदुस्तान जिंदाबाद। ईरान से भारत लौटे मोहम्मद अली काज़िम ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वह मशहद शहर से लौटे हैं और घर वापस आकर बहुत अच्छा महसूस कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हम धार्मिक यात्रा पर गए थे, लेकिन वहां हालात खासकर तेहरान में बहुत खराब हैं। ऐसे में भारतीय सरकार ने हमारी बहुत मदद की, हमें बॉर्डर पार करवाया और भारत लाने की पूरी व्यवस्था की। इसके साथ ही काजिम ने उत्तर प्रदेश सरकार का भी धन्यवाद किया और कहा कि वे उन्हें घर पहुंचाने में पूरा सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने भारत सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, हमें सुरक्षित वापस लाकर बहुत बड़ा काम किया गया है।
ईरान से सुरक्षित भारत लौटीं भारतीय नागरिक जिया कुलसुम ने बताया कि वहां के हालात ठीक नहीं थे और वे बहुत परेशान थीं। उन्होंने कहा कि ईरान की स्थिति अच्छी नहीं थी। हम सब बहुत चिंतित थे। लेकिन भारत सरकार ने हमारी बहुत मदद की और हमें सुरक्षित घर वापस ले आई। इसके साथ ही जिया ने सरकार के इस कदम के लिए आभार जताया और कहा कि अब वे खुद को सुरक्षित और सुकून में महसूस कर रही हैं।
गौरतलब है कि ईरान से 290 भारतीयों को लेकर एक विमान शुक्रवार देर रात दिल्ली पहुंचा। इसमें ज्यादातर छात्र हैं जो जम्मू-कश्मीर के रहने वाले हैं। ईरान ने एक विशेष पहल करते हुए 1,000 भारतीयों को निकालने के लिए अपना हवाई क्षेत्र खोल दिया। इन भारतीयों को तीन चार्टर्ड विमानों से लाया जा रहा है, जिसमें से यह पहला विमान था। भारत ने इजराइल और ईरान से भारतीयों को निकालने के लिए ऑपरेशन सिंधु शुरू किया है। ईरान पर इजराइली हमलों के बाद भारतीयों को तेहरान से मशाद शहर ले जाया गया था। वहां से निकासी उड़ानें ईरान एयरलाइन महान की ओर से संचालित की जा रही हैं जिसका प्रबंध भारत ने किया है। मशाद से दो उड़ानों के शनिवार दिन में किसी समय नई दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, तुर्कमेनिस्तान की राजधानी अश्गाबात से भारतीयों को लेकर एक और उड़ान भी आने वाली है। इस उड़ान से आने वाले भारतीयों को सड़क मार्ग से तेहरान से अश्गाबात पहुंचाया गया था।
#भारत_पहुंचते_ही_वंदे_मातरम्, #वंदे_मातरम्, #OperationSindhu, #भारतवासियों_की_वापसी, #देशभक्ति, #भारतीय_बहाली, #AirportWelcome