ओडिशा की सामाजिक कार्यकर्ता ने कामकाजी महिलाओं के लिए मासिक धर्म अवकाश का प्रस्ताव रखा था: संतोष लाड
बेंगलूरु/शुभ लाभ ब्यूरो| श्रम मंत्री संतोष लाड ने शुक्रवार को कहा कि कर्नाटक सरकार ने ओडिशा की सामाजिक कार्यकर्ता रंजीता प्रियदर्शिनी के प्रस्ताव के बाद महिलाओं को साल में १२ दिन का सवेतन मासिक धर्म अवकाश देने का सर्वसम्मति से फैसला लिया है|
उडुपी में पत्रकारों से बात करते हुए, लाड ने कहा कि महिलाओं के लिए सवेतन मासिक धर्म अवकाश के लिए अभियान चला रही कार्यकर्ता ने एक साल पहले उनसे मुलाकात की थी और इस संबंध में एक प्रस्ताव दिया था| सरकार का यह फैसला महिलाओं, खासकर गरीब और मध्यम वर्ग की महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभाएगा| परिधान और अन्य छोटे उद्योगों में काम करने वाली महिलाओं को इस कदम से लाभ होगा| मंत्री ने कहा कि सरकार ने मासिक धर्म संबंधी समस्याओं से जूझ रही कई कामकाजी महिलाओं के मद्देनजर इस प्रस्ताव का अध्ययन करने के लिए एक समिति का गठन किया है| उन्होंने कहा कि राज्य भर से जनता की प्रतिक्रिया एकत्र करने के बाद यह फैसला लिया गया है| उन्होंने आगे कहा कि इस योजना के तहत एक कामकाजी महिला हर महीने एक दिन का सवेतन अवकाश ले सकती है|
महिलाएं मासिक धर्म अवकाश के पक्ष में हैं, लेकिन कई लोग नीति से परे देखने की मांग कर रही हैं| मंत्रिमंडल विस्तार की अफवाहों पर बोलते हुए लाड ने कहा कि विस्तार मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है| मुख्यमंत्री नियमित रूप से रात्रिभोज बैठकें करते हैं और इसे कोई विशेष महत्व नहीं दिया जा सकता| चित्रदुर्ग से कांग्रेस विधायक के.सी. वीरेंद्र पर प्रवर्तन निदेशालय द्वारा लगातार छापेमारी के बारे में लाड ने कहा कि विधायक ने आगामी बिहार विधानसभा चुनावों के लिए कोई धन नहीं दिया है| मंत्री ने कहा मुझे नहीं पता कि वह धन देंगे या नहीं, लेकिन उनमें निश्चित रूप से क्षमता है|
भारतीय जनता पार्टी पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए, लाड ने कहा कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार कथित तौर पर ६०,००० करोड़ के घोटाले में शामिल हैं| इसी तरह, असम के मुख्यमंत्री हिमंत शर्मा पर भी भ्रष्टाचार के आरोप हैं| लाड ने चुटकी लेते हुए कहा हालांकि जब दोनों भाजपा, एनडीए के साथ जुड़ जाते हैं, तो वे बेदाग हो जाते हैं| लाड ने आरोप लगाया कि भाजपा ने अब तक देश भर में २५ से ज्यादा नेताओं को इसी तरह ’शुद्ध’ किया है|