सिद्धरामैया ने आम के परिवहन पर प्रतिबंध हटाने के लिए आंध्र के सीएम को लिखा पत्र

सिद्धरामैया ने आम के परिवहन पर प्रतिबंध हटाने के लिए आंध्र के सीएम को लिखा पत्र

बेंगलूरु/शुभ लाभ ब्यूरो| मुख्यमंत्री सिद्धरामैया ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को पत्र लिखकर कर्नाटक के सीमावर्ती जिलों से आंध्र प्रदेश के चित्तूर तक तोतापुरी आमों के परिवहन पर प्रतिबंध हटाने की मांग की है|

उन्होंने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को पत्र लिख कहा कि ७ जून को चित्तूर जिला कलेक्टर ने तोतापुरी आमों के परिवहन पर प्रतिबंध लगा दिया है| कर्नाटक से आंध्र प्रदेश में आमों के परिवहन को रोकने के लिए सीमा पर राजस्व, पुलिस, वन और विपणन विभाग के अधिकारियों को तैनात किया गया है| तमिलनाडु और कर्नाटक से आमों का परिवहन रोक दिया गया है| उन्होंने आपत्ति जताई है कि यह एक स्थायी उपाय नहीं है| आंध्र प्रदेश की सीमा से लगे कर्नाटक के जिलों में आम उत्पादकों को इस वजह से मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है|

कर्नाटक के किसान लंबे समय से चित्तूर में आम प्रसंस्करण इकाई से जुड़े हुए हैं| इस वजह से बाजार का विस्तार हो रहा है| मौजूदा प्रतिबंधों ने मौजूदा आपूर्ति श्रृंखला को बाधित कर दिया है, जिसका प्री-मानसून सीजन के दौरान हजारों किसानों की आजीविका पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा| बिना किसी समन्वय या तालमेल के उठाए गए इस कदम से संघीय व्यवस्था की भावना को नुकसान पहुंचा है| इससे राज्यों के बीच सब्जियों और कृषि के आदान-प्रदान पर असर पड़ा है| संबंधित लोग पहले से ही लेन-देन बंद कर रहे हैं| उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में व्यापार में और नुकसान होने का डर है|

Tags: