महाकाल मंदिर क्षेत्र में लीज उल्लंघन पर कार्रवाई, 13 निर्माण ढहाए गए
उज्जैन, 11 सितंबर (एजेंसी)। उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर के समीप लीज शर्तों का उल्लंघन कर बनाए गए अवैध निर्माणों पर उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने बड़ी कार्रवाई की है। अब तक कुल 13 निर्माण कार्य हटाए जा चुके हैं, जबकि 15 पर बुलडोजर चलना बाकी है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, आज सुबह साढ़े नौ बजे से बेगमबाग मेनरोड क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई शुरू की गई। यूडीए, नगर निगम, पुलिस और प्रशासन की टीम ने चार पोकलेन मशीनों और छह जेसीबी की मदद से करीब दो घंटे तक अभियान चलाकर 11 मकानों को ढहा दिया। ये मकान पांच प्लॉट पर बनाए गए थे। इनमें दो होटल और एक रेस्टोरेंट भी शामिल थे।
गौरतलब है कि महाकाल मंदिर के नीलकंठ द्वार से लगे बेगमबाग क्षेत्र में 1985 में 28 प्लॉट आवंटित किए गए थे, जिनकी लीज 2014 में समाप्त हो गई थी। इसके बावजूद कई भूखंडों पर अवैध रूप से निर्माण कर लिए गए और कुछ प्लॉट अलग-अलग लोगों को बेच दिए गए थे।
सूत्रों ने बताया कि इससे पहले भी 16 मकान तोड़कर आठ प्लॉट पर कब्जा लिया जा चुका है। आज की कार्रवाई में पांच और प्लॉट खाली कराए गए हैं। विकास प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि शेष अवैध निर्माण भी जल्द हटाकर भूमि पर अपना अधिकार स्थापित किया जाएगा।
#महाकालमंदिर, #उज्जैन, #लीजउल्लंघन, #अवैधनिर्माण, #ध्वस्तीकरण, #मध्यप्रदेश, #MahakalMandir, #UjjainNews