राज्य के विभिन्न जिलों में लगातार बारिश जारी
-कई जिलों के स्कूलों में अवकाश घोषित
बेंगलूरु/शुभ लाभ ब्यूरो| राज्य के विभिन्न भागों में मानसून का मौसम जारी है, जिससे भारी अव्यवस्था पैदा हो रही है| विद्यार्थियों के हित में चिक्कमगलूरु, मदिकेरी, मेंगलूरु और उडुपी समेत विभिन्न जिलों में स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित किया गया है| लगातार बारिश हो रही है और मलनाड क्षेत्र में कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण संचार व्यवस्था टूट गई है| नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं|
भटकल तालुक के जल्ली पट्टन पंचायत की सीमा में अपने घर के सामने खेल रहा दो वर्षीय बच्चा नाले में गिर गया और उसकी मौत हो गई| इसी तरह तालुक के बेलालतांडा निवासी नारायण नामक व्यक्ति पानी में बह गया| उडुपी जिले के उदयवर निवासी रोनाल्ड फर्नांडिस गड्ढे में गिरकर मर गया| उत्तर कन्नड़ जिले के सिरसी में देवीमाने के पास भूस्खलन के कारण यातायात बाधित हुआ और वाहन चालकों को परेशानी हुई|
चिक्कमगलूरु जिले में भारी बारिश हो रही है और श्रृंगेरी के सालूमारा में भूस्खलन के कारण मेंगलूरु-श्रृंगेरी मार्ग बंद कर दिया गया है| मेंगलूरु के बाहरी इलाके वामनजूर के केथिकल में भूस्खलन हुआ है| धर्मस्थल के नेत्रवती स्थानघाट में पानी का बहाव बढ़ गया है| कुक्के सुब्रह्मण्य में कुमारद्वारा नदी उफान पर है| बेलगावी जिले के खानपुर के पास एक पुल ढह गया है, जिससे बेलगावी-गोवा संपर्क टूट गया है|
डिप्टी कमिश्नर वेंकटराज ने बताया कि कोडागु जिले में भारी बारिश हो रही है और आंगनवाड़ी प्राथमिक और उच्च विद्यालयों में छुट्टी घोषित कर दी गई है| डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि मेंगलूरु के उल्लाल, बंटवाल, मुल्की और मुदिबिदर में स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है|
भारी बारिश के कारण उडुपी जिले में भी छुट्टी घोषित कर दी गई है| उत्तर कन्नड़, उडुपी और दक्षिण कन्नड़ के तटीय जिलों के लिए १८ तारीख तक रेड अलर्ट घोषित किया गया है| हासन, कोडागु, बेलगावी, धारवाड़ और चिक्कमगलूरु जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि तुमकुरु, शिवमोग्गा, विजयनगर, बल्लारी, कोप्पल, गदग और हावेरी जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है| मौसम विभाग ने शेष जिलों में बादल छाए रहने और बारिश की संभावना जताई है|