अहमदाबाद विमान हादसे के मामले में हम राजनीति नहीं करना चाहते: शिवकुमार
बेंगलूरु/शुभ लाभ ब्यूरो| उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा कि गुजरात के अहमदाबाद विमान हादसे के मामले में हम राजनीति नहीं करना चाहते| हालांकि यह भाजपा और जनता दल का काम है|
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि वे एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ गुजरात के अहमदाबाद गए और विमान हादसे वाली जगह का निरीक्षण किया| यह एक भयानक घटना थी| यह हादसा नहीं होना चाहिए था| ऐसी घटनाएं किसी भी देश में नहीं होनी चाहिए| कुछ लोगों के शव जल गए हैं| जब आप उस जगह को देखते हैं, तो आपको ऐसा लगता है कि आप सदमे की स्थिति में हैं|
अगर विमान ५०० मीटर और आगे चला जाता, तो हजारों लोग प्रभावित होते| बहुत बड़ी आपदा आ जाती| अभी भी आसपास के लोग सदमे से बाहर नहीं आ पाए हैं| कुछ मानसिक रूप से परेशान हैं| लोगों की स्थिति देखकर मुझे चिंता होती है| हमने कांग्रेस पार्टी की ओर से अपनी संवेदना व्यक्त की है|
हमने पीड़ितों के लिए प्रार्थना की है| विमान के ब्लैक बॉक्स में सच्चाई का इंतजार है| हम इस मामले में राजनीतिक आरोप नहीं लगाएंगे| भाजपा पुरानी बातों को तोड़-मरोड़कर पेश कर सकती है| लेकिन हम उस तरह की चर्चा नहीं चाहते| पीड़ित लोगों को न्याय मिलना चाहिए| केंद्रीय मंत्री और डीजीसीआई जरूरी कदम उठाएंगे| हम तकनीकी विशेषज्ञ नहीं हैं| इसलिए हम इस पर आगे चर्चा नहीं करेंगे| यह एक गंभीर घटना है| केंद्र सरकार को इसे गंभीरता से लेना चाहिए और सावधान रहना चाहिए कि भविष्य में ऐसा न हो|