सीएम योगी ने आयुष विवि का काम शीघ्र पूरा करने को कहा
गोरखपुर, 18 जून (एजेंसियां)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया है कि राज्य के पहले आयुष विश्वविद्यालय का निर्माण जल्द से जल्द पूर्ण हो जाना चाहिए। समय से काम पूरा न होने की अब तक की स्थिति पर गहरी नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि इसमें निर्माण से जुड़ी ऐसी फर्मों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
इस सिलसिले में सीएम योगी ने गोरखनाथ में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने विकास कार्यों, कानून व्यवस्था और हाल के दिनों में लोकार्पण को प्रस्तावित महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने 30 जून को आयुष विश्वविद्यालय के लोकार्पण को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित आगमन को लेकर हो रही तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सबसे जरूरी है कि आयुष विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूर्ण हो। इसके लिए उन्होंने अफसरों को सतत पर्यवेक्षण के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 20 जून को प्रस्तावित गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण की तैयारी को लेकर भी जानकारी ली। सीएम योगी ने जनसभा स्थल पर सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने के लिए पर्याप्त होर्डिंग बैनर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले योगाभ्यास कार्यक्रम की तैयारी के बारे में भी जानकारी ली।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कों पर जाम की स्थिति न होने पाए। सड़क किनारे लगने वाले ठेले-खोमचे वालों का भी सत्यापन कराया जाए। बहुत से नए लोग आते रहते हैं। सड़कों के किनारे नई झुग्गी बस्ती न बसने पाए, इस पर लगातार नजर रखें। बैठक में मुख्यमंत्री ने बाढ़ बचाव की तैयारियों के बारे में भी जानकारी मांगी। उन्होंने तटबंधों पर हो रहे कार्यों के बारे में पूछा। बताया गया कि 38 कार्यों में से 24 पूरे कर लिए गए हैं और शेष भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर में जलभराव नहीं होना चाहिए। गोड़धोइया नाला की प्रगति के बारे में जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि जहां नाला कच्चा हो, वहां भी पानी निकलने का मार्ग बनाया जाए। जिससे पानी न रुकने पाए। नगर निगम से उन्होंने जलभराव रोकने को लेकर किए गए कार्यों के बारे में पूछा। सीएम योगी ने कहा कि साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था रहे। उन्होंने नगर निगम एवं जीडीए को इस बात के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में गंदगी नहीं होनी चाहिए। नियमित रूप से साफ-सफाई जरूर की जाए। सीएम ने गीडा, जीडीए व नगर निगम की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विरासत गलियारा की प्रगति भी पूछी।
लगभग सवा घंटे चली इस बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी विभागों की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी विकास कार्य समय से पूरे किए जाएं। सीएम योगी ने वन विभाग के अधिकारियों से चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू के बारे में जानकारी ली। उन्हें बताया गया कि जानवरों की रिपोर्ट अब निगेटिव आ रही है। जल्द ही चिड़ियाघर को खोलने पर विचार किया जाएगा।