4543 दारोगा की भर्ती की हो रही तैयारी
यूपी में 24 हजार पदों पर होंगी पुलिस भर्तियां
लखनऊ, 23 जून (एजेंसियां)। यूपी पुलिस में भर्ती की तैयारी हो रही है। कुल 24 हजार पदों में करीब साढ़े चार हजार पद दारोगाओं के हैं। इनकी भर्ती पहले होगी। प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (दारोगा) नागरिक पुलिस के 4543 पदों पर भर्ती की कवायद जल्द शुरू होगी। उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड दारोगा सीधी भर्ती की कवायद जल्द शुरू करने जा रहा है। प्रदेश पुलिस में जल्द करीब 24 हजार पदों पर भर्ती होनी है, जिसमें 4543 दारोगा के पद भी शामिल हैं। फिलहाल सिपाहियों से पहले दारोगा भर्ती को तवज्जो देने की तैयारी है।
मालूम हो कि डीजीपी मुख्यालय द्वारा भर्ती बोर्ड को 19220 सिपाही एवं उसके समकक्ष पदों तथा उपनिरीक्षक एवं उसके समकक्ष 4543 पदों पर सीधी भर्ती के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। बोर्ड ने इन दोनों पदों पर भर्ती के लिए पहले अप्रैल माह के तीसरे सप्ताह में विज्ञप्ति जारी करने की घोषणा की थी, हालांकि इसमें लगातार विलंब होता जा रहा है।
दारोगा भर्ती में शासन ने आयु सीमा में 3 वर्ष की छूट देने का प्रस्ताव बीते दिनों मंजूर कर लिया है, जिससे भर्तियों का रास्ता साफ हो चुका है। वहीं सिपाही भर्ती के लिए कुछ बिंदुओं पर शासन से सहमति मांगी गई हैं। शासन से अभी तक सहमति नहीं मिलने की वजह से इसमें और विलंब होने के आसार हैं। इस दरम्यान दारोगा के पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी तेजी से जारी है। सूत्रों की मानें तो अगले माह इसकी विज्ञप्ति जारी की जा सकती है।
इसी तरह कारागार विभाग में भी जेल वार्डर की भर्ती का इंतजार बढ़ता जा रहा है। इसका प्रस्ताव बीते दिनों कारागार विभाग द्वारा भर्ती बोर्ड भेजा जा चुका है। बोर्ड ने जेल वार्डर के 2833 पदों पर सीधी भर्ती के लिए अप्रैल माह के तीसरे सप्ताह में विज्ञप्ति जारी करने की घोषणा की थी, हालांकि इसकी प्रक्रिया अभी तक शुरू नहीं की जा सकी है। जेल वार्डर की भर्ती से भी कारागार विभाग में रिक्त पदों को भरा जा सकेगा। खासकर नई जेलों में इनकी तैनाती की जा सकेगी। उपनिरीक्षक के जिन पदों पर भर्ती होनी है उनमें 4242 उप निरीक्षक नागरिक पुलिस, 106 उपनिरीक्षक पीएसी महिला वाहिनी (नागरिक पुलिस), 135 उपनिरीक्षक सशस्त्र पुलिस और 60 उपनिरीक्षक विशेष सुरक्षा बल शामिल हैं।
#यूपीपुलिसभर्ती #UPPoliceRecruitment #सरकारीनौकरी #युवाओंकेलिएअवसर #PoliceJobs