जेल में फिर झड़प, हत्याकांड का आरोपी अस्पताल में भर्ती

जेल में फिर झड़प, हत्याकांड का आरोपी अस्पताल में भर्ती

मेंगलूरु/शुभ लाभ ब्यूरो| मेंगलूरु के कोडियालबेल स्थित जिला केंद्रीय कारागार में कैदियों के बीच एक बार फिर मारपीट हो गई है| गुरुवार को जेल परिसर में कैदियों के बीच हाथापाई हो गई| इस झड़प में उल्लाल का कुख्यात बदमाश मुख्तार और अन्य कैदी शामिल थे| मुख्तार ने कथित तौर पर केशव नामक एक अन्य कैदी पर हमला किया| गंभीर रूप से घायल केशव को पुलिस ने वेनलॉक अस्पताल में भर्ती कराया है|

केशव ६ नवंबर २०२३ को हुए अक्षय कलेगा हत्याकांड का आरोपी है और जेल में सजा काट रहा है| उल्लाल के धर्मनगर निवासी मोहम्मद मुख्तार १५ आपराधिक मामलों में आरोपी है और गिरफ्तारी के दौरान पैर में गोली लगने के बाद जुलाई २०२२ में उसे गिरफ्तार किया गया था|

जेल में हुई ताजा मारपीट के बाद बार्के थाने में मामला दर्ज किया गया है| बार्के थाने के अधिकारियों और एसीपी ने जेल का दौरा कर निरीक्षण किया| पिछले कुछ महीनों में कैदियों के बीच बार-बार होने वाली झड़पों से जेल की सुरक्षा और प्रबंधन को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गई हैं|