लोकतंत्र मजबूत करने में युवाओं की भागीदारी निर्णायक
मॉक पार्लियामेंट में बोले उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य
कानपुर, 27 जून (एजेंसियां)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने मे युवाओं की भागीदारी निर्णायक सिद्ध हो रही है। लोकतंत्र को और अधिक मजबूत एवं सशक्त करने का यही समय है, सही समय है। देश के प्रत्येक नागरिक के खून में लोकतंत्र समाया हुआ है।
लोकतंत्र सेनानियों ने आपातकाल लगाकर संविधान का दुरुपयोग करने का माकूल जवाब दिया था। 25 जून 1975 को आपातकाल थोपकर नागरिक अधिकारों का हनन किया गया था। वह दुर्भाग्यपूर्ण कालखंड था। उप मुख्यमंत्री शुक्रवार को कानपुर में सीएसएम विश्वविद्यालय के प्रेक्षागृह में आयोजित मॉक पार्लियामेंट को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया। बीटेक ऑडिटोरियम में भारतीय संविधान के प्रति जागरूक करने वाली लगाई गई प्रदर्शनी का भी डिप्टी सीएम मौर्य ने अवलोकन किया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र निर्माण की दिशा में जब युवा शक्ति सोचती है, तो देश की दिशा और दशा बदल जाती है। यह जागरूकता, यह चेतना, यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक जन आंदोलन का स्वरूप ले चुकी है, जिसमें लोकतंत्र के प्रति युवाओं की भागीदारी निर्णायक सिद्ध हो रही है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि लोकतंत्र को अटल व अमर रखने के लिये युवा हमेशा आगे बढ़कर अपना योगदान दें।
उन्होने आपातकाल के दौरान लोकतंत्र सेनानियों द्वारा दिखाए गए साहस की चर्चा करते हुए कहा कानपुर की धरती क्रांति एवं सकारात्मक विचारों की धरती है। भारत को पूरी दुनिया में लोकतंत्र की जननी के रूप में जाना जाता है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों और विमर्श का समर्थन किया गया है। वर्तमान सरकार द्वारा लोकतांत्रिक मूल्यों की हमेशा रक्षा की गई है।
अब कभी भी भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों को कुचलने नहीं दिया जाएगा और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का गला नहीं घोंटने दिया जाएगा। इस मौके पर प्रकाश पाल, रमेश अवस्थी, प्रमिला पांडेय, नीलिमा कटियार, महेश त्रिवेदी, अनिल दीक्षित, उपेंद्र पासवान, सुरेश अवस्थी, जय प्रकाश, शिवेंद्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।