जहर खाकर जनता दरबार पहुंचा रिटायर्ड फौजी
भाजपा विधायक पर उत्पीड़न का आरोप
लखनऊ, 21 अगस्त (एजेंसियां)। एक रिटायर्ड फौजी जहरीला पदार्थ खाकर सीएम योगी के जनता दरबार में पहुंचा। जानकारी हुई तो उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। जनता दरबार में फौजी ने कहा कि गाजियाबाद के भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न से परेशान होकर उसने ऐसा कदम उठाया।
गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र के सिरौली निवासी रिटायर्ड फौजी सतबीर गुर्जर सीएम जनता दरबार में पहुंचे थे। यहां सुरक्षा में तैनात स्टाफ को उन्होंने बताया कि वह जहरीला पदार्थ खाकर आए हैं। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। इस दौरान सतबीर ने भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर पर कई गंभीर आरोप लगाए। रिटायर्ड फौजी के पास से एक शिकायती पत्र मिला। इसमें उन्होंने लिखा था कि विधायक ने बीते अप्रैल महीने में कलश यात्रा निकाली थी। उनका उद्देश्य सरकार गिराना था। इसकी जानकारी होने पर रिटायर्ड फौजी ने साजिश को पहचानकर सोशल मीडिया पर खुलासा कर दिया था। इसके बाद से विधायक उन पर अत्याचार कर रहे हैं। स्थानीय गौतम पल्ली थाने के इंस्पेक्टर रत्नेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फौजी सतवीर गुर्जर करगिल युद्ध में शामिल रहे हैं। इस मामले में लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि इस मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है।
#RetiredArmy, #जनतादरबार, #SuicideAttempt, #IndianArmyVeteran, #UPNews, #SoldierProtest, #ArmyVeteranIssues, #JantaDarbar