बीबीएमपी ने बेंगलूरु में घर-घर कचरा संग्रहण का काम एक घंटा पहले शुरू किया
बेंगलूरु/शुभ लाभ ब्यूरो| कचरा संग्रहणकर्ताओं का देर से आना, कई मामलों में निवासियों के काम पर जाने के बाद, ब्लैक स्पॉट्स का एक महत्वपूर्ण कारण रहा है| इसे सुधारने के लिए, बृहत बेंगलूरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) ने अब से कचरा संग्रहण का समय एक घंटा पहले कर दिया है|
ठोस कचरा एकत्रित करने वाले ऑटो-टिपर वाहनों का उपस्थिति रिकॉर्ड दर्ज करने का समय पहले सुबह ६ बजे से ७:३० बजे तक था| इसके बाद ही वाहन अपने निर्धारित रूट पर घर-घर कचरा एकत्रित करने जाते हैं| अब समय को संशोधित कर सुबह ५:३० बजे से ६:३० बजे के बीच कर दिया गया है| बेंगलूरु सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट लिमिटेड (बीएसडब्ल्यूएमएल) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) करी गौड़ा ने कहा एक घंटा पहले करके, कचरा संग्रहण को लोगों की दिनचर्या के अनुकूल बनाने के लिए कदम उठाए गए हैं| इस बदलाव से न केवल निवासियों को काम पर जाने से पहले अपना कचरा देने में सुविधा होगी, बल्कि लोगों को जहाँ-तहाँ कचरा फेंकने और ब्लैक स्पॉट्स बनाने से भी रोका जा सकेगा|