राम दरबार दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को करना होगा इंतजार: चंपत राय

राम दरबार दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को करना होगा इंतजार: चंपत राय

अयोध्या, 6 जून (एजेंसियां। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने शुक्रवार को बताया कि अयोध्या के भव्य राम मंदिर परिसर में राम दरबार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा। राम दरबार मंदिर के प्रथम तल पर 20 फीट की ऊंचाई पर स्थित है, जहां पहुंचने के लिए 40 सीढ़ियां चढ़नी होती हैं। बुजुर्ग और घुटनों के मरीजों की सुविधा के लिए लिफ्ट का निर्माण किया जा रहा है, जिसे एलएंडटी कंपनी कार्यान्वित कर रही है। इस कार्य में समय लगने के कारण दर्शन की अनुमति फिलहाल स्थगित की गई है।

चंपत राय ने बताया कि मंदिर परिसर में निर्माण कार्य तेजी से पूर्णता की ओर अग्रसर है। मौसम अनुकूल रहने पर अक्टूबर या नवंबर में मंदिर के शिखर पर ध्वज फहराया जाएगा। इसके साथ ही मंदिर परिसर के अन्य हिस्सों, जैसे संग्रहालय, सभागार और अतिथि गृह का निर्माण भी दिसंबर 2025 तक पूरा होने की उम्मीद है। 

उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे धैर्य बनाए रखें और मंदिर ट्रस्ट द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। राम दरबार के दर्शन के लिए पास जारी किए जाएंगे, जो निःशुल्क होंगे। इन पासों के माध्यम से सीमित संख्या में श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति दी जाएगी। 

चंपत राय ने बताया कि 5 जून को राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई, जिसमें आठ विग्रहों में प्राण प्रतिष्ठा की गई। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आरती उतारी और अपने श्रद्धा भाव को व्यक्त किया।

Read More गांव में लग रही चौपाल, मौके पर हो रहा समस्याओं का समाधान

मंदिर ट्रस्ट श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। भविष्य में श्रद्धालुओं को राम दरबार के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

Read More बैंकॉक में यूपी टूरिज्म की इंटरनेशनल ब्रांडिंग की तैयारी में जुटी सरकार

 

Read More राम मंदिर में अब तक लग चुका 50 करोड़ का 45 किलो सोना