घट सकता है टैरिफ, बढ़ सकता है व्यापार
भारत के साथ बड़ी ट्रेड डील की ट्रंप ने की घोषणा
बातचीत के लिए भारतीय दल अमेरिका पहुंचा
नई दिल्ली, 27 जून (एजेंसियां)। भारत और अमेरिका की यह ट्रेड डील अगर सकारात्मक रूप लेती है तो 2030 तक दोनों देशों के बीच व्यापार लगभग 41 लाख 75,000 करोड़ रुपए तक पहुंच जाएगा। इसकी वजह से भारत के लिए अमेरिकी कंपनियों में भी कई अवसर खुल सकते हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वे भारत के साथ एक बहुत बड़ी ट्रेड डील करने जा रहे हैं। ट्रंप ने व्हाइट हाउस में आयोजित बिग ब्यूटीफुल बिल कार्यक्रम में भारत के लिए दरवाजे खोलने की बात कही। ट्रंप ने कहा कि हर कोई चाहता है कि वे ट्रेड डील करें और इसका हिस्सा बनें। हम हर देश के साथ डील नहीं करने जा रहे। ट्रंप ने कहा, हमारे पास कुछ बेहतरीन डील्स हैं और हम उसे भारत के साथ लेकर आ रहे हैं। हम भारत के साथ एक बहुत बड़ी डील की शुरुआत करने जा रहे हैं।
भारत से वाणिज्य मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में ट्रेड डील पर बातचीत के लिए एक टीम अमेरिका पहुंची है। अमेरिकी टीम से भारतीय समूह दो दिन से बातचीत कर रहा है। भारत और अमेरिका वर्तमान में एक अंतरिम व्यापार समझौते पर काम कर रहे हैं। अमेरिका ने 2 अप्रैल 2025 को भारत से निर्यात होने वाले सामानों पर 26 प्रतिशत अतिरिक्त टैक्स लगाने का ऐलान किया था, लेकिन इसे 90 दिनों के लिए टाल दिया गया। यह 90 दिन 9 जुलाई 2025 को समाप्त हो रहे हैं।
भारतीय समूह अमेरिकी टीम के साथ बातचीत कर 9 जुलाई से पहले इस समझौते पर अपनी डील सुनिश्चित करना चाहता है। अगर यह ट्रेड डील नहीं होती है तो भारत से निर्यात होने वाले सामानों पर अतिरिक्त टैक्स लागू हो जाएगा। भारतीय समूह के साथ अगर अमेरिका की यह ट्रेड दिल सकारात्मक रूप लेती है तो भारत और अमेरिका के बीच 2030 तक व्यापार 500 अरब डॉलर यानी लगभग 41 लाख 75,000 करोड़ रुपए तक पहुंच जाएगा। इस समय यह 191 अरब डॉलर (15 लाख 94 हजार 961 करोड़ रुपए) है। इसकी वजह से भारत के लिए अमेरिकी कंपनियों में भी कई अवसर खुल सकते हैं।
#IndiaUSDeal, #TariffCut, #TradeBoost, #TrumpIndia, #BilateralTrade, #EconomicPartnership