कभी भी हो सकता है विश्व युद्ध
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के बयान ने सबको चौंकाया
सुपर पावर देशों की तानाशाही से टकराव का माहौल
नागपुर, 06 जुलाई (एजेंसियां)। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के बयान ने सबको चौंका दिया है। गडकरी ने कहा कि विश्व युद्ध कभी भी शुरू हो सकता है। उन्होंने कहा कि सुपर पावर देशों की तानाशाही के रवैये से टकराव का माहौल बन गया है और टकराव कभी भी किसी भी समय भीषण युद्ध के रूप में तब्दील हो सकता है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दुनिया में संघर्ष की स्थिति पर चिंता जताई और कहा कि यह स्थिति सुपर पावर देशों की तानाशाही की वजह से उत्पन्न हुई है। यह कभी भी विश्व युद्ध में बदल सकता है। गडकरी ने कहा, दुनिया में रूस-यूक्रेन और इजराइल-ईरान जैसे युद्धों के कारण टकराव का माहौल बन गया है। ऐसी स्थिति बन रही है कि कभी भी विश्व युद्ध छिड़ सकता है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी नागपुर में बीयॉन्ड बॉर्डर्स नाम के पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि बड़ी महाशक्तियों की तानाशाही और अधिनायकवाद के चलते दुनिया से समन्वय, सौहार्द और प्रेम खत्म होता जा रहा है।
नितिन गडकरी ने कहा, आज पूरी दुनिया में संघर्ष का वातावरण है। रूस-यूक्रेन और इजराइल-ईरान के बीच युद्ध जारी हैं। ऐसे हालात बन रहे हैं कि कभी भी वर्ल्ड वॉर जैसी स्थिति पैदा हो सकती है। केंद्रीय मंत्री ने इस मौके पर भारत की सांस्कृतिक विरासत की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत बुद्ध की धरती है, जिसने दुनिया को सत्य, अहिंसा और शांति का संदेश दिया है। नितिन गडकरी ने कहा कि युद्ध की तकनीक अब पूरी तरह बदल चुकी है। अब टैंक और पारंपरिक विमान कम उपयोगी हो गए हैं, जबकि मिसाइल और ड्रोन जैसे आधुनिक हथियारों का ज्यादा इस्तेमाल हो रहा है। उन्होंने कहा अब मिसाइलें सीधे नागरिक बस्तियों पर गिराई जा रही हैं, जिससे मानवता की रक्षा करना मुश्किल होता जा रहा है। यह एक गंभीर समस्या है जिस पर वैश्विक स्तर पर चर्चा की जरूरत है।
#गडकरी, #विश्वयुद्ध, #WorldWar, #विश्वसंघर्ष, #सुरक्षा, #तकनीकयुद्ध, #विश्वशांति