राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के बाद ही यूपी भाजपा को मिलेगा नया प्रमुख
लखनऊ, 03 अगस्त (ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश भाजपा का अगला अध्यक्ष कौन होगा, इसको लेकर अभी तक कुछ भी साफ नहीं हो पाया है। हालांकि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव भी अभी तक नहीं हो पाया है। 9 सितंबर को देश के उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होने वाला है। माना जा रहा है कि उसके बाद ही अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होगा। भाजपा ने 28 राज्यों में संगठन के चुनाव सम्पन्न करा लिए हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए 19 राज्यों के चुनाव जरूरी हैं। हालांकि उपराष्ट्रपति के चुनाव के बाद बिहार चुनाव की घोषणा हो सकती है। ऐसे में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष बिहार चुनाव के बाद ही मिलेगा। लिहाजा, यूपी भाजपा को नया अध्यक्ष भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के बाद ही मिलेगा।
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के बाद ही उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष चुना जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में शामिल नेताओं को कह दिया गया है कि उत्तर प्रदेश में काम करिए जो निर्णय होगा पता चल जाएगा। पार्टी सभी समीकरणों को ध्यान में रखकर उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का चुनाव करेगी। ऐसे में बड़ा सवाल है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा किसे अपना अध्यक्ष बनाएगी? पार्टी यूपी में सभी समीकरणों को ध्यान में रखकर फैसला करेगी। लोकसभा चुनाव 2024 में यूपी में भाजपा को झटका लगा तो वहीं 2027 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। माना जा रहा है कि ओबीसी वोटरों का रुझान सपा की तरफ बढ़ा है। ऐसे में पार्टी किसी कद्दावर ओबीसी नेता को प्रदेश की कमान सौंप सकती है।
हालांकि रेस में अलग-अलग जातियों के कई नाम शामिल हैं। उत्तर प्रदेश में ओबीसी नेताओं के रूप में प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में मंत्री धर्मपाल सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा का नाम चल रहा है। ब्राह्मण नेताओं में पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी और पूर्व उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा का नाम प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चल रहा है। दलित नेताओं में पूर्व मंत्री कौशल किशोर, राम शंकर कठेरिया और विनोद सोनकर का नाम प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए चल रहा है।
#भाजपा_उत्तरप्रदेश, #UPBJPPresident, #NationalPresidentElection, #राजनैतिकरणनीति, #प्रदेशलेवललीडरशिप, #BJPLeadIndia, #उत्तरप्रदेशचुनाव2027, #संगठन_सुधार