सभी दलों के नेता भारत के दूत बनकर जाएंगे
ऑपरेशन का दुनिया भर में संदेश देगी सरकार
थरूर और ओवैसी बनेंगे मोदी सरकार के दूत
नई दिल्ली, 17 मई(एजेंसी)। ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान की हालत खस्ता हो गई है। इस ऑपरेशन के जरिए पूरी दुनिया ने भारत की ताकत भी देख ली है। इस बीच अब सरकार पाकिस्तान को आतंकवाद के मामले में पूरी दुनिया में उसकी पोल खोलने की तैयारी कर रही है। ऐसे में खबर आ रही है कि इसके लिए केंद्र सरकार ने कांग्रेस सांसद शशि थरूर से संपर्क साधा है।
पाकिस्तान की सरजमीं से चलाए जाने वाले आतंकवाद के खिलाफ वह दुनियाभर में भारत की राय रखेंगे। थरूर को भारत की तरफ से एक बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। उन्हें इस मामले में भारत का पक्ष रखने के लिए एक अहम जिम्मेदारी दी जा सकती है। शरूर को विभिन्न देशों का दौरा करने वाले सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का सदस्य बनाया गया है।
इससे पहले शशि थरूर के ऑपरेशन सिंदूर पर दिए गए बयान से कांग्रेस पार्टी के कुछ नेता नाराज थे। उन्हें लगा कि थरूर ने 'लक्ष्मण रेखा' पार कर दी है। इस मामले में जब शशि थरूर से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि एक भारतीय होने के नाते उन्होंने अपनी बात देश और दुनिया के सामने रखी है।
कई राजनीतिक दलों के सांसद प्रतिनिधिमंडल में होंगे शामिल
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, सरकार ने विपक्षी सांसदों सहित कई राजनीतिक दलों के सांसदों से संपर्क किया है। उनसे राजनयिक मिशन में भाग लेने की मांग की है। कई दलों ने पहले ही इस पहल के लिए अपने प्रतिनिधियों को भेजने की मंजूरी दे दी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रतिनिधि मंडल में कितने लोग शामिल होंगे, इस बारे में अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है। फिर भी कुछ नेताओं ने अनुमान जताया है कि 30 से अधिक सांसद इसमें शामिल हो सकते हैं।