समाजवादी पार्टी से कोई उम्मीद नहीं : तंजीन फातिमा
सपा नेता आजम खान की पत्नी का बेबाक बयान
हम क्या कर सकते हैं, भगवान देखेगा : अखिलेश यादव
लखनऊ, 29 जून (एजेंसियां)। उत्तर प्रदेश में सपा सरकार के कार्यकाल के दौरान आजम खान की तूती बोलती थी। आजम खान ने तब नहीं सोचा कि अपनी गतिविधियों और बयानबाजियों को इतना असंतुलित न करें कि राज जाए तो गाज गिर जाए। वक्त बदला तो वाकई आजम खान पर गाज गिर पड़ा। आजम खान और उनका पूरा परिवार इस वक्त गर्दिश के दौर से गुजर रहा है। यूपी में योगी सरकार बनने के बाद आजम खान पर एक के बाद एक कई मुकदमे दर्ज होते चले गए। जिस आजम खान की चोरी गई भैंस खोजने के लिए पुलिस की टीमें बनती थीं उसी आजम खान पर बकरी चोरी का मामला दर्ज करने में पुलिस ने देरी नहीं की।
बहरहाल, आजम खान अभी भी जेल में हैं। आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा सीतापुर जेल में अपने पति से मिलने गईं। साथ में आम ले गई थीं। आजम खान से मिलने के बाद जेल से बाहर आईं दुखी तंजीन फातिमा ने बड़ी बेबाकी से कहा कि समाजवादी पार्टी का कोई मतलब नहीं है, उस पार्टी से कोई उम्मीद नहीं रखनी चाहिए। तंजीन फातिमा ने कहा, मुझे व्यक्तिगत तौर पर भी समाजवादी पार्टी से कोई उम्मीद नहीं रह गई है। आजम खान के समर्थक सपाई कहते भी हैं कि जेल जाने के बाद अखिलेश यादव ने आजम खान से मुंह फेर लिया। समाजवादी पार्टी ने आजम खान के समर्थन में कोई अभियान नहीं चलाया और सरकार पर दबाव नहीं बनाया। तंजीन फातिमा के बयान ने आजम समर्थकों के आरोप पर मुहर लगा दी। इमरान मसूद ने तो खुलेआम कहा है कि समाजवादी पार्टी में मुसलमानों की औकात सभा-सम्मेलनों में केवल दरी बिछाने की रह गई है।
तंजीन फातिमा के बयान पर अखिलेश यादव ने अपनी बेबसी स्वीकार कर ली। लेकिन इसमें भी राजनीति करने से नहीं चूके। अखिलेश यादव ने कहा, हम क्या कर सकते हैं। यूपी की भाजपा सरकार उन पर अन्याय कर रही है। उन पर मकदमे पर मुकदमे लगाए जा रहे हैं। ऐसे में सरकार बदलने पर ही आजम खान को राहत मिल सकती है। तो आप सब मिलकर सरकार बदलें। अखिलेश यादव ने कहा, दूसरा रास्ता अदालत का है और तीसरा विकल्प भगवान है, मतलब ऊपर वाला है।
कुछ समय पहले तक तंजीन फातिमा भी जेल में थीं। सीतापुर जाकर उन्होंने जेल में बंद अपने पति आजम खान से मिली। राज्य सभा सांसद रहीं तंजीन ने जेल से बाहर निकलते ही समाजवादी पार्टी पर बम फोड़ दिया। उन्होंने कहा कि मुझे किसी से कोई उम्मीद नहीं। मुझे बस अल्लाह से उम्मीद है। तंजीन अपने पति आजम की पसंद के आम लेकर भी गई थीं। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान लंबे समय से जेल में हैं। कोर्ट से सजा होने के बाद विधानसभा की उनकी सदस्यता भी चली गई। आजम खान और उनकी पत्नी और उनके दोनों बेटों पर कई मुकदमे चल रहे हैं। समाजवादी पार्टी के पूर्व सांसद एसटी हसन आजम खान के विरोध में और अखिलेश यादव के पक्ष में ताल ठोकते हैं। कहते हैं कि तंजीन फातिमा के आरोप बिल्कुल गलत हैं। एसटी हसन वही नेता हैं, जिनका टिकट आजम खान ने पिछले लोकसभा चुनाव में कटवा दिया था। अखिलेश यादव ने कुटिल चाल चलते हुए आजम के दूसरे कट्टर विरोधी मोहिबुल्लाह नदवी को रामपुर से टिकट दे दिया। नदवी सांसद भी बन गए। आजम खान को इसका दर्द सालता है। उनका दर्द यह भी है कि अखिलेश उन्हें छोड़कर दूसरे मुस्लिम नेताओं को आगे बढ़ा रहे हैं। जैसे संभल के सांसद जिया उर रहमान बर्क और कैराना की सांसद इकरा हसन। कांग्रेस के इमरान मसूद आजम के हमदर्द हैं। वे चाहते हैं कि आजम खान उनके साथ जुड़ें। इमरान मसूद ने कहा कि अखिलेश यादव चाहते तो आजम खान को इतनी तकलीफ नहीं झेलनी पड़ती।