अब लखनऊ में जमीन, मकान, दुकान खरीदना होगा महंगा
10 वर्ष के बाद जारी हुआ नया डीएम सर्किल रेट
लखनऊ, 02 जुलाई (एजेंसियां)। लखनऊ प्रशासन ने 10 वर्ष के बाद नया डीएम सर्किल रेट जारी कर दिया है। इसके बाद से जमीन, मकान और दुकान खरीदना और महंगा हो जाएगा। ये रेट एक अगस्त से लागू किए जाएंगे। नया सर्किल रेट लागू होने के बाद राजधानी लखनऊ में जमीन, मकान, दुकान खरीदना और महंगा हो जाएगा। 10 वर्ष बाद प्रस्तावित नया डीएम सर्किल रेट जारी किया गया है। आपत्तियां दूर करने के बाद एक अगस्त से इसको लागू किया जाएगा। नए डीएम सर्किल रेट में कृषि भूमि पर 15, व्यावसायिक पर 25 और बहुमंजिला भवनों पर 20 फीसदी तक की बढ़ोतरी की गई है। दुकान, कार्यालय व गोदाम पर औसतन 20 फीसदी की वृद्धि की गई है।
इससे पहले 2015 में जब नया सर्किल कृषि भूमि पर 15, व्यावसायिक पर 25 और बहुमंजिला भवनों में 20 फीसदी तक बढ़ोतरी रेट तय किया गया था, उस दौरान कुछ ऐसे स्थान थे, जहां दुकान, कार्यालय व गोदाम के रेट कम थे। इसे विसंगति मानते हुए इस बार दूर किया गया है। ऐसी जगहों के रेट 40 फीसदी तक बढ़ाए गए हैं। अब इनमें समानता हो गई है।
अहम बदलाव के तहत गैर कृषि भूखंड और भवन, जिसकी चौहद्दी में यदि कोई व्यवसायिक गतिविधि है, तो ऐसे भूखंडों व भवनों की दर निर्धारित करने के बाद 20 फीसदी मूल्य बढ़ाया जाएगा। इसका मतलब है कि यदि किसी गैर कृषि भूखंड के अगल-बगल दुकान, गोदाम आदि है तो खरीदार को 20 फीसदी अधिक मूल्य देना होगा। यदि कोई इसे बेचेगा तो भूमि का मूल्यांकन निर्धारित गैर कृषि दर से 50 फीसदी बढ़ाकर किया जाएगा। कृषि भूमि में फलदार व बिना फलदार वृक्ष की वर्तमान दर में कोई बदलाव नहीं किया गया है। जो दर पहले थी, वही लागू रहेगी। जो दरें प्रस्तावित की गई हैं उससे संबंधित सुझाव और आपत्तियां दो से 17 जुलाई के बीच सुबह 10 से पांच बजे तक सभी उप निबंधक कार्यालयों, सहायक महानिरीक्षक निबंधन के कार्यालय में दी जा सकती है। निस्तारण 27 जुलाई तक होगा। जिलाधिकारी विशाख जी का कहना है कि बीते दशक में शहर में बड़े पैमाने पर विकास हुआ है। सेगमेंट सड़कें विहिनत की गई हैं। जो भी आपत्तियां या सुझाव हैं वह मेल के जरिए या फिर सीधे संबंधित अफसर के कार्यालय में दे सकते हैं।
लखनऊ की 26 प्रमुख कॉलोनियों के सर्किल रेट में 25 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है। गोमतीनगर में न्यूनतम 33 हजार और अधिकतम 77 हजार रुपए प्रति वर्ग मीटर की दर प्रस्तावित है, जो सबसे अधिक है। गोमती नगर कॉलोनी का सर्किल रेट सबसे अधिक प्रस्तावित है। दूसरे स्थान पर महानगर और तीसरे पर इंदिरानगर है। कुल 26 प्रमुख कॉलोनियों के सर्किल रेट जारी किए गए हैं। इनमें 25 फीसदी तक का इजाफा किया गया है।
गोमतीनगर की प्रस्तावित न्यूनतम दर 33 हजार व अधिकतम 77 हजार है। महानगर की प्रस्तावित दर 41 से 65 हजार व इंदिरा नगर की 35 से 62 हजार तय की गई है। प्रस्तावित दरें प्रति वर्ग मीटर में हैं। इसी तरह से अन्य कॉलोनियों के भी सर्किल रेट में बड़ा बदलाव किया गया है। दरअसल, अधिकतर बिल्डर निजी आवासीय योजनाओं की प्रॉपर्टी अधिक दरों पर बिक्री कर रहे थे, जबकि सर्किल रेट कम था। इसलिए ऐसी योजनाओं में खासी बढ़ोतरी की गई है। शहर के प्रमुख बड़े प्रोजेक्ट जैसे अंसल, एमार का सर्किल रेट महज 18 हजार था। अब इसमें बढ़ोतरी कर 50 हजार तक किया गया है। कारण, इन प्रोजेक्ट में महंगी दरों पर जमीनों व फ्लैटों की बिक्री की जा रही है। अन्य कॉलोनियों व प्रोजेक्ट में भी इसी तरह रेट बढ़ाए गए हैं। 26 प्रमुख कॉलोनियों में से दो का रेट सबसे कम है। इसमें अनंत नगर योजना की प्रस्तावित दर 15 से 18 हजार है। वहीं, संतुष्टि एंक्लेव की प्रस्तावित दर 7 से 10 हजार रुपए है।
#Lucknow #CircleRate #RealEstate #PropertyPriceRise #LandRates #HousePrices #ShopRates #LDA #PropertyNews