खराब मौसम के कारण अधर में अमरनाथ और वैष्णो देवी की यात्रा
जम्मू, 01 अगस्त (ब्यूरो)। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में खराब मौसम का सबसे ज्यादा असर वैष्णो देवी और अमरनाथ यात्राओं पर भी हुआ है। जहां वैष्णो देवी की यात्रा में शिरकत करने वालों की संख्या लगातार कम हो रही है वहीं अमरनाथ यात्रा के जत्थों को जम्मू से भेजना अब स्थगित कर दिया है। बारिश और खराब मौसम की मार माता वैष्णो देवी के भक्तों पर भी पड़ी है। लगातार हुई बारिश की वजह से यात्रियों की संख्या में गिरावट देखी गई है। वहीं, मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए हेलिकाप्टर सेवा पर भी रोक लगा दी गई है। यह इसी से स्पष्ट होता है कि बुधवार को माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पहुंचने वाले यात्रियों की संख्या 20,998 थी, जो गुरुवार को शाम 5 बजे तक गिरकर 15,200 पर आ गई।
गुरुवार को दर्शन के लिए होने वाले रजिस्ट्रेशन में गिरावट देखी गई है। मौसम में सुधार के बावजूद माता वैष्णो देवी यात्रा में गुरुवार को हेलिकाप्टर सेवा संचालित नहीं हो सकी, दिन भर त्रिकुटा पर्वत पर बादल छाए रहे। इसकी वजह से कई श्रद्धालुओं को पैदल, घोड़ा, पिट्ठू अथवा पालकी से यात्रा करनी पड़ी। इस बीच अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम के कारण शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी अमरनाथ यात्रा स्थगित रही। उन्होंने बताया कि दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर में तीर्थयात्रियों के किसी भी नए जत्थे को जाने की अनुमति नहीं दी गई। यात्रा के लिए बाहर से आए तीर्थयात्रियों को मौसम की स्थिति की समीक्षा के बाद पहलगाम और बालटाल आधार शिविरों की आगे की यात्रा के लिए उच्च सुरक्षा वाले भगवती नगर आधार शिविर में ठहराया गया है।
3 जुलाई को घाटी से शुरू हुई 38 दिवसीय तीर्थयात्रा के बाद से 4 लाख से ज्यादा तीर्थयात्री 3,880 मीटर ऊंचे गुफा मंदिर में भगवान शिव के बर्फ से बने शिवलिंग के दर्शन कर चुके हैं। यात्रा सूचना अधिकारी ने बताया कि जम्मू से गुफा मंदिर की यात्रा आज स्थगित रही। एहतियाती उपायों के अलावा खराब मौसम को देखते हुए ऐसा किया गया है। जम्मू से अमरनाथ की ओर किसी भी नए जत्थे को जाने की अनुमति नहीं दी गई। यह दूसरी बार है जब जम्मू से यात्रा स्थगित की गई है। 17 जुलाई को कश्मीर के दोनों आधार शिविरों में भारी बारिश के कारण यात्रा रद्द कर दी गई थी।