ट्रंप सही बोलते हैं, भारत की अर्थव्यवस्था 'डेड' है
राहुल गांधी का बिना सोचे-समझे बोलने का एक और नमूना
वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने कहा, राहुल का यह कथन गलत
नई दिल्ली, 02 अगस्त (एजेंसियां)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान को सही करार देते हुए भारत की अर्थव्यवस्था को मृत (डेड) कह दिया। राहुल गांधी ने इसके लिए ट्रंप को शुक्रिया भी अदा किया। पिछले 10 वर्षों में शेयर बाजार से करोड़ों कमाने वाले राहुल गांधी यह भूल गए कि उनकी खुद की आमदनी उनके बयान के विपरीत का यथार्थ है। भारत और रूस के प्रगाढ़ होते रिश्ते से बौखलाए ट्रंप ने कुछ दिन पहले भारतीय अर्थव्यवस्था को डेड कह दिया था। राहुल गांधी ने ट्रंप के सुर में सुर मिलाते हुए भारतीय अर्थ व्यवस्था को मृत कह दिया। लेकिन राहुल गांधी की ही कांग्रेस पार्टी के कई बड़े नेता ऐसा नहीं मानते। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी, सांसद शशि थरूर, राजीव शुक्ला जैसे कई नेता भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूत मानते हैं। कांग्रेस के ही वरिष्ठ नेता भारतीय अर्थव्यवस्था को डेड कहने के राष्ट्रपति ट्रंप के बयान को गलत कहते हुए भारतीय इकोनॉमी को जीवंत बता रहे हैं, जबकि राहुल गांधी अपनी ही पार्टी के नेताओं से सबक नहीं ले पा रहे।
राहुल गांधी की बयानबाजी के बीच यह जानना भी जरूरी है कि असलियत में भारतीय अर्थव्यवस्था की हालत क्या है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक रिपोर्ट (अप्रैल 2025) के अनुसार, भारत ने जापान को पीछे छोड़ते हुए 4 ट्रिलियन डॉलर से अधिक की अर्थव्यवस्था का स्थान हासिल कर लिया है। देश का निर्यात लगातार बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2023-24 में देश का निर्यात कुल मिलाकर मजबूत रहा। मार्च 2023 में कुल निर्यात में 66.14 बिलियन अमेरिकी डॉलर था। इसके अलावा भारत का व्यापार 238 गंतव्य देशों में से 115 देशों तक भारत का व्यापार निर्यात में वृद्धि दर्ज की गई है। तमाम वैश्विक चुनौतियों के होने के बाद भी भारत का विकास जारी रहा है।
भारत की अर्थव्यवस्था, एक ऐसी अर्थव्यवस्था है जिसने हाल ही में जर्मनी को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का गौरव प्राप्त किया है। अनुमान है कि 2030 तक ये जापान को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बन जाएगी। ऐसे देश के नेता विपक्ष अर्थव्यवस्था को ही डेड घोषित करने में तुले हुए हैं। जबकि राहुल गांधी खुद की आर्थिक स्थिति का ही आँकलन कर लें तो देश की अर्थव्यवस्था के विकास का कुछ अंदाजा उन्हें लग जाएगा।
दरअसल भारत पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने वाले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की अर्थव्यवस्था को डेड घोषित कर दिया। उनकी हां में हां मिलते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उन्हें शुक्रिया तक कह दिया। सरकार को घेरते हुए राहुल गांधी ने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप सही कह रहे हैं। भारत के प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री को छोड़कर बाकी सब जानते हैं कि भारत की अर्थव्यवस्था डेड है। उन्होंने यहां तक कहा कि भारत ने अडानी की मदद करने के लिए अर्थव्यवस्था को डेड कर दिया। डोनाल्ड ट्रंप का तो समझा जा सकता है कि भारत के साथ व्यापार वार्ता सफल नहीं होने और भारत द्वारा एफ-35 फाइटर जेट जैसे रक्षा सौदों से साफ मना कर देने की वजह से उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था को ही डेड कह दिया। ये बयान भारत पर व्यापारिक दबाव बनाने के लिए ही दिया गया है। ट्रंप पाकिस्तान के साथ तेल सौदे की घोषणा कर भारत पर दबाव डाल रहे हैं, लेकिन वास्तव में भारत की विकास दर अमेरिका से कहीं ज्यादा है। इसलिए हमारी अर्थव्यवस्था मृत नहीं बल्कि जीवंत है। लेकिन राहुल गांधी भारत की अर्थव्यवस्था के विकास पर सवाल खड़े कर पूरे देश और दुनिया को क्या संदेश देना चाहते हैं? ऐसा तब है जब भारत की अर्थव्यवस्था न केवल बड़ी है, बल्कि स्वस्थ और गतिशील भी है, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।
सरकार से सवाल पूछना विपक्षी दलों का अधिकार है लेकिन मोदी सरकार की मुखालफत करते-करते देश के खिलाफ बयानबाजी राहुल गांधी की भारत विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। राहुल गांधी भारत की हर सफलता में नकारात्मकता ढूंढ़ते हैं। जबकि आईएमएफ और दूसरी रिपोर्ट भारत को सबसे तेज बढ़ती अर्थव्यवस्था बता रही है। 2024-25 में 6.5 प्रतिशत वृद्धि के साथ भारत सबसे तेज बढ़ती अर्थव्यवस्था है। दुनिया के विकास में इसका योगदान 16 फीसदी है और दुनिया की पांच सबसे बड़ी अर्थव्यस्थाओं में भारत शामिल है। पिछले एक दशक में भारत की स्थिति कमजोर अर्थव्यवस्था वाले देश से ऊपर उठ कर दुनिया की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था वाले देशों में शामिल होना ही मोदी सरकार में देश के विकास को दर्शाता है। माना जा रहा है कि भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था वाला बन जाएगा। यहां तक की कोरोना काल में जब दुनिया त्रासदी से कराह रही थी और भारत में भी महामारी का व्यापक असर था, भारत की ग्रोथ रेट दुनिया में सबसे ज्यादा रही। भारत ने इस दौरान बड़ी आबादी को गरीबी से मुक्त दिलाने, अनाज मुफ्त में देने से लेकर हर घर नल, शौचालय की व्यवस्था करने और हर व्यक्ति का बैंक खाता खोलने जैसी सुविधाएं देकर भारतीयों की सामाजिक आर्थिक स्थिति में सुधार किया।
2014 में यूपीए की मनमोहन सिंह सरकार को करारी हार देने के बाद नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सत्ता पर काबिज हुई। कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह के 2004 से 14 तक के 10 साल में महंगाई देश की बड़ी चुनौती थी। घोटालों से देश त्रस्त था। हर दिन नए घोटाले से देश दो-चार होता था। मनमोहन सरकार के समय औसत वित्तीय घाटा 4.3 फीसदी रहा। जबकि मोदी सरकार में वित्तीय घाटे को कम करते हुए जीडीपी को दोगुना कर दिया है। विदेशी मुद्रा भंडार रिकॉर्ड स्तर पर हैं और भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। मोदी के समय में संरचनात्मक सुधार हुए हैं जिसने अर्थव्यवस्था को अधिक लचीला बनाया है। डेलॉयट की रिपोर्ट में वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए 6.5 प्रतिशत से 6.8 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है, जो घरेलू मांग और निवेश पर आधारित है।
मनमोहन सरकार के वक्त से अब व्यापार करने की ज्यादा सहुलियतें हैं। दुनिया भर में व्यापार सुगमता सूचकांक के में भारत का स्थान करीब 60 है जो मनमोहन काल में 132 के आसपास था। पीएम मोदी के पहले कार्यकाल में औसत जीडीपी विकास दर 7.7 प्रतिशत रहा जबकि कोरोना के बाद दूसरे कार्यकाल में 6.8 प्रतिशत रहा। कोरोना के बाद रिकवरी रेट 6.3-6.8 प्रतिशत रहा। मुद्रास्फीति नियंत्रित रहा जिससे महंगाई से जनता को राहत मिली। जबकि मनमोहन सिंह के दस सालों में अर्थव्यवस्था में वैश्विक उछाल भी आया फिर भी जीडीपी प्रति व्यक्ति औसतन 6 प्रतिशत से 4 प्रतिशत रहा और असंतुलित विकास की वजह से महंगाई काफी बढ़ी।
मोदी के मेक इन इंडिया और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस से विदेशी निवेश दोगुना हुआ। जबकि मनमोहन सिंह के समय भ्रष्टाचार और घोटालों की वजह से निवेशकों का विश्वास कम हुआ और विदेशी निवेश कम हुए। | यही वजह है कि उस वक्त विदेशी मुद्रा भंडार 300 बिलियन डॉलर थे जो अब बढ़ कर 600 बिलियन डॉलर से ज्यादा हो गए हैं। भारत की अर्थव्यवस्था अब 5 ट्रिलियन डॉलर की ओर है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संपत्ति की बात की जाए तो उन्होंने मोदी सरकार में शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड में निवेश कर भारी मुनाफा कमाया। 2014 में जहां राहुल गांधी की शेयर की वैल्यू 83 लाख रुपए थी, वहीं 2024 में बढ़कर ये 8.3 करोड़ रुपए हो गई यानी 10 गुणा ज्यादा। वहीं म्यूचुअल फंड से उन्होंने पिछले 10 सालों में 6.6- 8.3 करोड़ रुपए कमाए जबकि मनमोहन सरकार के समय 60-80 लाख ही कमा पाए थे। ऐसा उन्होंने शेयर बाजार में रिस्क लेते हुए निवेश कर कमाया। ये रिस्क लेने की हिम्मत उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था पर विश्वास जताकर ही पाई होगी।
राहुल गांधी पर चीन से चंदा लेने और उनकी भाषा बोलने के आरोप लग चुके हैं। पिछले दिनों भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी ने चीन के उस दावे को सहमति दे दी, जिसमें उसने अरुणाचल प्रदेश को अपना हिस्सा बताया था। वहीं ऑपरेशन सिंदूर पर सवाल खड़े कर उन्होंने पूछा कि कितने जेट गिरे? इतना ही नहीं सीजफायर पर पीएम मोदी और सेना के आधिकारिक बयान पर विश्वास न जता कर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान को सही मानते हुए सवाल करना भी उनके मंसूबे को बताता है। मोदी सरकार को घेरने के लिए राहुल गांधी ने जिस तरह अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान को लपका, इससे कांग्रेसी भी हैरान हैं। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी, शशि थरूर और राजीव शुक्ला ने राष्ट्रपति ट्रंप के बयान का खंडन करते हुए कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था मरी नहीं है बल्कि तेज गति से आगे बढ़ रही है। जो सुधार पीवी नरसिम्हा राव के समय में शुरू हुए मनमोहन काल में मजबूत हुए वो आज बिल्कुल भी कमजोर नहीं हुई है।
इसके बावजूद राहुल गांधी भारत की अर्थव्यवस्था को डेड कह रहे हैं तो ये देश की छवि ही खराब कर रहे हैं। साथ ही उन निवेशकों को भी गुमराह कर रहे हैं जो भारत के विकास में योगदान दे रहे हैं। कुल मिलाकर, भारत की अर्थव्यवस्था न केवल सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक है बल्कि सबसे अच्छी है। हर तरह की चुनौतियों के बावजूद मजबूती से ये आगे बढ़ रही है। ट्रंप और राहुल जैसे नेताओं के बयान अपने अपने हित साधने के लिए दिए गए हैं, जो तथ्यों पर आधारित नहीं। भारत 2030 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है, और यह उपलब्धि मोदी सरकार की नीतियों की सफलता को दर्शाती है।
भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूतः शशि थरूर
सत्ता पक्ष और मोदी विरोध के चलते राहुल गांधी ने आंकड़ों को धता बताते हुए भारतीय अर्थव्यवस्था को डेड इकोनॉमी कह दिया। लेकिन अब उन्हीं की पार्टी कांग्रेस के ही सांसद शशि थरूर ने राहुल गांधी की बयानबाजी का विरोध किया है। उन्होंने राहुल गांधी के बयान पर कहा, यह सच नहीं है। शशि थरूर ने राहुल के रुख से अलग हटकर भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बताया।
संसद परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए थरूर ने स्पष्ट किया, नहीं, बिल्कुल नहीं, यह सच नहीं है। हम सब जानते हैं कि भारतीय अर्थव्यवस्था मृत नहीं है। उन्होंने ट्रंप के बयान को गलत ठहराते हुए कहा कि भारत की आर्थिक स्थिति मजबूत है। थरूर ने यह भी जोड़ा कि अमेरिका के साथ व्यापारिक वार्ताएं चुनौतीपूर्ण हैं, लेकिन भारत के पास कई विकल्प हैं। उन्होंने कहा, हम यूरोपीय संघ और यूके के साथ भी बातचीत कर रहे हैं। अगर अमेरिका अनुचित मांगें रखता है, तो हमें कहीं और जाना होगा।
#राहुलगांधी, #भारतअर्थव्यवस्था, #ट्रंपबयान, #कांग्रेसविवाद, #राजनीतिकविवाद, #EconomyStatement, #RahulControversy, #IndiaEconomy