सेना ने मणिपुर में 10 उग्रवादियों को ढेर किया

आतंकवादियों के बाद अब उग्रवादियों की बारी

सेना ने मणिपुर में 10 उग्रवादियों को ढेर किया

भारी मात्रा में हथियार-गोला बरामद

इंफाल, 15 मई (एजेंसियां)। भारत और म्यांमार की सीमा पर मणिपुर में असम राइफल्स ने 10 उग्रवादियों को ढेर कर दिया। खुफिया जानकारी के आधार पर सेना ने सर्च ऑपरेशन चलाया था। इसके बाद उग्रवादियों से सेना की मुठभेड़ हुई। सेना ने ऑपरेशन के बारे में आधिकारिक पुष्टि की है।

भारत- म्यांमार सीमा के पास मणिपुर के चंदेल में असम राइफल्स ने 10 उग्रवादियों को मार गिराया है। दरअसल वहां मौजूद असम राइफल्स को इसकी खुफिया जानकारी मिली। इसके बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। उग्रवादियों ने इस दौरान सेना पर फायरिंग की और एनकाउंटर शुरू हुआ। सेना ने 10 उग्रवादियों को मौत के घाट उतार दिया। सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है। ऑपरेशन में किसी भी जवान के घायल होने की खबर नहीं आई है। मणिपुर में जारी अशांति के बीच सेना की ये बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

भारतीय सेना की पूर्वी कमान ने ट्वीट कियाभारत-म्यांमार सीमा के पास चंदेल जिले के खेगजॉय तहसील के न्यू समतल गांव के पास सशस्त्र कैडरों की आवाजाही की खुफिया जानकारी मिली थी। असम राइफल्स इकाई ने 14 मई 2025 को एक ऑपरेशन शुरू किया। ऑपरेशन के दौरान सैनिकों पर संदिग्ध कैडरों द्वारा गोलीबारी की गई। इस पर एक्शन लेते हुए 10 उग्रवादियों को ढेर कर दिया गया है और बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया। ऑपरेशन अभी भी जारी है।

कुछ दिनों पहले भारत सरकार और भारतीय सेना ने ऐतिहासिक फैसला लेते हुए म्यांमार बॉर्डर को पूरी तरह सील कर दिया है और फ्री आवाजाही को बंद कर दिया गया है। हालांकि मणिपुर की दो अहम जातियां नागा और कुकी ने इसका विरोध किया था लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा को देखते हुए ये करना जरूरी था। इसका असर भी दिखने लगा है और उग्रवादियों के मूवमेंट पर सेना आसानी से नजर बनाए रख पा रही है। पहले उग्रवादी मणिपुर में आतंक फैला कर म्यांमार भाग जाते थे। उग्रवादी काफी समय से भारत-म्यांमार वाले इलाके में जोलैंड के रूप में नया राज्य बनाना चाहते हैं।

Read More "डैशबोर्ड पर किसकी मूर्ति बचाएगी जान?"