अगले कुछ दिनों तक तटीय और पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी
बेंगलूरु/शुभ लाभ ब्यूरो| दक्षिण-पश्चिम मानसून ने वापसी कर ली है और तटीय तथा मलनाड जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है| मौसम विभाग ने तटीय दक्षिण कन्नड़, उडुपी, उत्तर कन्नड़ मलनाड जिलों शिवमोग्गा, चिक्कमगलूरु, हासन, कोडागु और बेलगावी में भारी बारिश की संभावना जताई है| आंतरिक जिलों में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है| साथ ही, हवा पश्चिम से पूर्व की ओर बहेगी| हवा ४० से ५० किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बहेगी| पहाड़ी इलाकों में हवा की गति ५० से ६० किमी प्रति घंटे रहेगी|
कर्नाटक राज्य प्राकृतिक आपदा निगरानी केंद्र की जानकारी के अनुसार, शिवमोग्गा, उत्तर कन्नड़, उडुपी, दक्षिण कन्नड़, चिक्कमगलूरु, हासन, कोडागु, दावणगेरे और मांड्या जिलों में व्यापक बारिश हुई है| बेलगावी, रायचूर, हावेरी, धारवाड़, चित्रदुर्ग, मैसूरु और विजयनगर जिलों में मध्यम बारिश हुई| कुछ अन्य जिलों में छिटपुट बारिश दर्ज की गई| दक्षिणी आंतरिक क्षेत्र में जुलाई में भी बारिश की कमी बनी रही| हालांकि, तटीय, मलनाड और उत्तरी कर्नाटक क्षेत्रों में सामान्य से अधिक बारिश हो रही है| मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, तटीय और मलनाड क्षेत्रों में व्यापक वर्षा की उम्मीद है, कुछ स्थानों पर भारी वर्षा संभव है| बेंगलूरु सहित दक्षिणी आंतरिक और उत्तरी आंतरिक क्षेत्रों में छिटपुट मध्यम वर्षा के संकेत हैं|