ढोल-मंजीरे और भोजपुरी चौताल से हुआ अभूतपूर्व स्वागत
भोजपुरियों के देश त्रिनिदाद एवं टोबैगो पहुंचे पीएम मोदी
त्रिनिदाद एवं टोबैगो के सर्वोच्चतम सम्मान से नवाजे गए मोदी
पीएम कमला प्रसाद बिसेसर ने कहा, भारत की ताकत हैं मोदी
पीएम मोदी ने पीएम कमला को भेंट किया गंगा-सरयू का जल
भारतीय मूल के लोगों को मिलेगा ओसीआई कार्ड : पीएम मोदी
पोर्ट ऑफ स्पेन, 04 जुलाई (एजेंसियां)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कैरेबियन देश त्रिनिदाद एंड टोबैगो पहुंचने पर अभूतपूर्व सांस्कृतिक स्वागत किया गया। त्रिनिदाद और टोबैगो की अपनी पहली आधिकारिक यात्रा के दौरान पोर्ट ऑफ स्पेन में पीएम नरेंद्र मोदी का भोजपुरी चौताल से स्वागत हुआ। पियार्को इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर त्रिनिदाद एवं टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर और उनके 38 कैबिनेट मंत्रियों ने प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी की। त्रिनिदाद एवं टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला बिसेसर ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने भारत को ताकतवर देश बनाया है और पूरे विश्व में भारत का मान बढ़ाया है। कमला बिसेसर ने भारत के वैक्सीन अभियान की भी तारीफ की। पीएम मोदी को त्रिनिदाद और टोबैगो का सबसे बड़ा सम्मान, द ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद और टोबैगो से सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने त्रिनिदाद और टोबैगो के नागरिकों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि यहां रहने वाले भारतीय मूल की छठी पीढ़ी तक के लोग ओवरसीज सिटीजनशिप ऑफ इंडिया (ओसीआई) कार्ड के लिए पात्र होंगे। इससे वे भारत में भी रह कर काम कर सकेंगे। पीएम मोदी ने कहा, भारत आपका स्वागत करता है।
पीएम मोदी की इस यात्रा को ऐतिहासिक बताया जा रहा है क्योंकि 25 साल बाद यहां कोई भारतीय प्रधानमंत्री आया। ढोल-ताशे और झाल-मंजीरे के साथ बिल्कुल देसी भोजपुरी अंदाज में चौताल गाकर किए गए स्वागत से प्रधानमंत्री मोदी अभिभूत हो गए। पीएम मोदी ने इसे दोनों देशों के बीच का सांस्कृतिक जुड़ाव करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह दुनिया में कहीं और नहीं है। इस तरह के पारंपरिक स्वागत को पीएम मोदी ने अतुलनीय बताया। पीएम मोदी ने कहा, ऐसा सांस्कृतिक जुड़ाव अन्यत्र नहीं है। त्रिनिदाद और टोबैगो का भारत और खास तौर पर बिहार एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश से जुड़ाव उल्लेखनीय है। प्रधानमंत्री मोदी ने त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की और देश के विकास में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रवासी समुदाय ने न केवल विभिन्न क्षेत्रों में सफलता हासिल की है, बल्कि वे भारतीय संस्कृति से भी गहराई से जुड़े हुए हैं।
पीएम मोदी ने पोर्ट ऑफ स्पेन में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय प्रवासियों की छठी पीढ़ी को ओसीआई कार्ड दिए जाएंगे। कार्ड मिल जाने के बाद प्रवासी भारतीय बिना किसी प्रतिबंध के भारत में रह सकेंगे और काम कर सकेंगे। त्रिनिदाद और टोबैगो के दौरे पर गए पीएम नरेंद्र मोदी ने पोर्ट ऑफ स्पेन में प्रवासी भारतीयों के लिए बड़ा ऐलान किया। पीएम मोदी ने कहा कि त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय मूल के छठी पीढ़ी के नागरिकों को अब ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया (ओसीआई) कार्ड मिलेगा। यह कार्ड मिल जाने के बाद प्रवासी भारतीय बिना किसी प्रतिबंध के भारत में रह सकेंगे और काम कर सकेंगे।
पीएम मोदी ने पोर्ट ऑफ स्पेन में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय प्रवासियों की छठी पीढ़ी को ओसीआई कार्ड दिए जाएंगे। हम सिर्फ खून या उपनाम से नहीं जुड़े हैं। अपनेपन से जुड़े हैं। भारत आपका स्वागत करता है और आपको गले लगाता है। उन्होंने कहा, मैं आप सभी को व्यक्तिगत रूप से भारत आने के लिए प्रोत्साहित करता हूं, न कि केवल सोशल मीडिया के माध्यम से वर्चुअल रूप से। आप अपने पूर्वजों के गांवों का दौरा करें। जिस मिट्टी पर वे चले थे, उस पर चलें। अपने बच्चों और पड़ोसियों को साथ लाएं। किसी को भी साथ लाएं जो चाय और एक अच्छी कहानी का आनंद लेना पसंद करता हो। हम आप सभी का खुले दिल, गर्मजोशी और जलेबी के साथ स्वागत करेंगे।
पीएम मोदी ने त्रिनिदाद और टोबैगो को भारत के एकीकृत भुगतान इंटरफेस (यूपीआई) सिस्टम को अपनाने वाले क्षेत्र के पहले देश बनने के लिए भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि मैं त्रिनिदाद और टोबैगो को यूपीआई अपनाने वाले क्षेत्र के पहले देश बनने के लिए बधाई देता हूं। अब पैसे भेजना गुड मॉर्निंग टेक्स्ट मैसेज भेजने जितना आसान होगा। मैं वादा करता हूं कि यह वेस्टइंडीज की गेंदबाजी से भी तेज होगा।
भारत के तेजी से विकास पर प्रकाश डालते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। लाखों लोगों को गरीबी से सफलतापूर्वक बाहर निकाला है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है। जल्द ही हम दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत की वृद्धि और प्रगति का लाभ सबसे जरूरतमंदों तक पहुंच रहा है। भारत ने साबित कर दिया है कि हम गरीबों को सशक्त बनाकर गरीबी को हरा सकते हैं। विश्व बैंक ने उल्लेख किया है कि भारत ने पिछले दशक में 250 मिलियन से अधिक लोगों को अत्यधिक गरीबी से ऊपर उठाया है। भारत की वृद्धि हमारे नवोन्मेषी और ऊर्जावान युवाओं द्वारा संचालित की जा रही
पीएम मोदी ने कहा, मुझे यकीन है कि आप में से हर कोई भारत के विकास पर गर्व महसूस करता है। नए भारत के लिए, आकाश भी सीमा नहीं है। जब भारत का चंद्रयान-3 चंद्रमा पर उतरा था, तो आप सभी ने खुशी मनाई होगी। हमने उस स्थान का नाम शिव शक्ति बिंदु रखा है। हम बात करते समय एक भारतीय अंतरिक्ष यात्री अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर सवार है। हम अब एक मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन, गगनयान पर काम कर रहे हैं। जल्द ही, एक भारतीय चांद पर चलेगा, और भारत का अपना अंतरिक्ष स्टेशन होगा। हम सिर्फ तारे नहीं गिनते, हम आदित्य मिशन जैसे मिशन के ज़रिए उन तक पहुंचने की कोशिश करते हैं। चांद हमसे दूर नहीं है। अंतरिक्ष में भारत की उपलब्धियां केवल हमारी नहीं हैं, हम इसके फल बाकी दुनिया के साथ साझा कर रहे हैं।
त्रिनिदाद एवं टोबैगो में कुल 13 लाख लोग रहते हैं। इनमें से 45 फीसदी लोग भारतीय मूल के हैं। भारत और त्रिनिदाद एंड टोबैगो के बीच संबंध बहुत मजबूत और खास हैं। यहां रहने वाले 45 प्रतिशत लोगों में से ज्यादातर बिहार और उत्तर प्रदेश से आए लोग हैं। इनमें से अधिकांश लोग भोजपुरी भाषी जिलों जैसे छपरा, आरा, बलिया, सीवान, गोपा
त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय समुदाय के लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, मैं प्रभु श्री राम में आपकी गहरी आस्था से अवगत हूं। यहां की रामलीलाएं वास्तव में अनूठी हैं। रामचरितमानस में कहा गया है कि प्रभु श्री राम की पवित्र नगरी इतनी सुंदर है कि इसकी महिमा का गुणगान दुनिया भर में होता है। मुझे यकीन है कि आप सभी ने 500 साल बाद रामलला की अयोध्या वापसी का स्वागत किया होगा। आपने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए पवित्र जल और शिला भेजी थी। मैं भी इसी तरह की भक्ति भावना के साथ यहां कुछ लाया हूं। राम मंदिर की प्रतिकृति और पवित्र सरयू से जल लाना मेरे लिए सम्मान की बात है।
पीएम मोदी ने अपने भाषण में क्रिकेट का भी जिक्र किया। उन्होंने ब्रायन लारा, सुनील नारायण और निकोलस पूरन जैसे वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों को याद किया। यह दिखाता है कि भारत और त्रिनिदाद और टोबैगो के बीच खेल से गहरा संबंध है। पीएम मोदी ने भारत को जानो क्विज के विजेताओं- शंकर रामजतन, निकोलस मराज और विंस महतो से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि यह क्विज प्रवासी युवाओं को भारत से जोड़ता है। इस क्विज ने दुनिया भर में व्यापक भागीदारी उत्पन्न की है और भारत के साथ हमारे प्रवासी समुदाय के जुड़ाव को गहरा किया है। भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने 25 साल पहले त्रिनिदाद और टोबैगो की अपनी पिछली यात्रा को भी याद किया। उन्होंने कहा कि जब मैं पिछली बार 25 साल पहले आया था तब से लेकर अब तक, हमारी दोस्ती और भी मजबूत हुई है। बनारस, पटना, कोलकाता और दिल्ली भले ही भारत के शहर हों, लेकिन से भी उनका नाता है। यहां कई सड़कों के नाम भारत के शहरों के नाम पर रखे गए हैं। यहां नवरात्र, महाशिवरात्रि और जन्माष्टमी बड़े हर्ष, उल्लास और गर्व के साथ मनाई जाती है। चौताल और भाईतक गण यहां आज भी फल-फूल रहे हैं। मैं यहां कई जाने-पहचाने चेहरों की गर्मजोशी देख सकता हूं। मैं युवा पीढ़ी की चमकीली आंखों में जिज्ञासा देख सकता हूं, जो जानने और साथ मिलकर आगे बढ़ने के लिए उत्सुक हैं। हमारे रिश्ते भूगोल और पीढ़ियों से कहीं आगे तक फैले हुए हैं।
त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय समुदाय की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय समुदाय की यात्रा साहस से भरी है। आपके पूर्वजों ने जिन परिस्थितियों का सामना किया, वे सबसे मजबूत आत्माओं को भी तोड़ सकती थीं। लेकिन उन्होंने उम्मीद के साथ कठिनाइयों का सामना किया। उन्होंने समस्याओं का दृढ़ता के साथ सामना किया। प्रधानमंत्री मोदी ने प्रवासी भारतीयों को देश का गौरव बताते हुए कहा कि जैसा कि मैंने अक्सर कहा है, आप में से प्रत्येक व्यक्ति राष्ट्रदूत है, भारत के मूल्यों, संस्कृति और विरासत का राजदूत है।
त्रिनिदाद एवं टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में मोदी द्वारा रचित कविता सुनाई और लोगों को भावुक कर दिया। पीएम कमला ने इस कविता के जरिए भारत और कैरेबियाई देश के बीच स्थायी रिश्ते को दर्शाया। उन्होंने पीएम मोदी के भारतीय प्रवासियों के साथ गहरे भावनात्मक संबंधों को भी रेखांकित किया। अपने संबोधन में उन्होंने पीएम मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने पीएम मोदी के दौरे को गहरा सम्मान और साझा इतिहास का क्षण बताया। उन्होंने कहा, हमें एक ऐसे व्यक्ति की उपस्थिति का सौभाग्य प्राप्त है, जो हमारे लिए बहुत प्रिय है। यह दौरा सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि हमारे लिए बहुत सम्मान की बात है। मुझे विश्व के सबसे सम्मानित और दूरदर्शी नेताओं में से एक भारत के प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करने का विशेष सौभाग्य मिला है। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मोदी जी, आप एक परिवर्तनकारी शक्ति हैं, जिन्होंने भारत के शासन को बेहतर बनाया और अपने देश को एक प्रमुख वैश्विक शक्ति के रूप में स्थापित किया। आपके दूरदर्शी और भविष्यवादी पहलों ने भारतीय अर्थव्यवस्था को आधुनिक बनाया, एक अरब से अधिक नागरिकों को सशक्त किया। सबसे बढ़कर आपने विश्व भर के भारतीयों के दिलों में गर्व की भावना जगाई।
उन्होंने कोरोना महामारी के दौरान पीएम मोदी के नेतृत्व और भारत की वैश्विक वैक्सीन मैत्री पहल का भी जिक्र किया। यह प्रधानमंत्री के रूप में मोदी का त्रिनिदाद एंड टोबैगो का पहला दौरा है और 1999 के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का इस कैरेबियाई देश का पहला द्विपक्षीय दौरा है।
#PMModi,#त्रिनिदादएवंटोबैगो,#Bhojpuriचौताल,#ढोलमंजीरा,#CulturalDiplomacy,#KamlaPersadBissessar,#OCIकार्ड,#RamMandirReplica