पहली रोटी गाय की संकल्प योजना के दो वर्ष पूर्ण
दिव्य दीपावली महोत्सव विशेष अभियान पर बैठक आयोजित
हैदराबाद, 16 अक्टूबर (शुभ लाभ ब्यूरो)। श्री जैन कुशल शांति गौ सेवा हैदराबाद द्वारा संचालित पहली रोटी गाय की संकल्प योजना के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में व गौ माता रोटी सेवा - दिव्य दीपावली महोत्सव विशेष अभियान के संदर्भ में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों की एक बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक संस्थापक अशोक रामपुरिया की अध्यक्षता में बेगमबाजार स्थित जी.एच.एस.पी.सी.ए. प्रांगण में संपन्न हुई।
बैठक में भारतीय प्राणी मित्र संघ अध्यक्ष जैनरत्न जसराज श्रीश्रीमाल, महावीर अस्पताल चेयरमैन महेन्द्र रांका, लव फॉर काऊ फाउंडेशन चेयरमैन जसमत पटेल, रमेश जागीरदार मेमोरियल फाउंडेशन संस्थापक रिद्धीश जागीरदार, रसुलपुरा जैन संघ ट्रस्टी मुकेश कटारीया, जैन संस्कार वाटिका ट्रस्टी मुकेश चौहान, गुजराती ब्राह्मण समाज अध्यक्ष तरुण महेता, श्री कच्छी मित्र मंडल ट्रस्टी योगेश गोसर और जी.एच.एस.पी.सी.ए. मंत्री सुरेन्द्र भंडारी समेत अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।
अशोक रामपुरिया ने बताया कि संस्था प्रतिदिन लोअर टैंकबंड स्थित भाग्यनगर गौशाला समेत शहर की अन्य गौशालाओं में लगभग 3000 रोटियों का वितरण कर रही है। श्रद्धालुओं द्वारा मात्र 125 रुपये में 50 रोटियों का पैकेट बुक किया जा सकता है, जो गौमाता को खिलाने हेतु ताज़ा तैयार किया जाता है। संगठन की महिला स्वयंसेविकाएँ रोटियाँ बनाकर आत्मनिर्भरता भी प्राप्त कर रही हैं।
अशोक रामपुरिया ने बताया कि दीपावली से लाभ पंचमी तक का पर्व गौ सेवा के लिए अत्यंत शुभ समय है। गौ सेवक छोटी दीपावली, लक्ष्मी पूजन, गोवर्धन पूजा, अन्नकूट, लाभ पंचमी, जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, भक्ति कार्यक्रम, किट्टी पार्टी, अमावस्या या किसी भी शुभ अवसर पर गौ माता रोटी सेवा का पुण्य ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि दीप पर्व पर गौमाता की सेवा करना आत्मिक शांति, सौभाग्य और समृद्धि का द्योतक है।
जसमत पटेल ने कहा कि हैदराबाद के आसपास लगभग 40 से अधिक गौशालाएँ हैं जिनमें अनेक आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रही हैं। लव फॉर काऊ फाउंडेशन एक व्यक्ति प्रतिदिन एक रुपया दान योजना चला रही है ताकि गौशालाओं की खाद्य आवश्यकताएँ पूरी की जा सकें। उन्होंने महिला मंडलों और युवाओं से गौशालाओं में आयोजन करने एवं नियमित रूप से गौ सेवा में भाग लेने का आग्रह किया।
भारतीय प्राणी मित्र संघ अध्यक्ष जसराज श्रीश्रीमाल ने सरकार से अनुरोध किया कि तेलंगाना गौवध निषेध एवं पशु संरक्षण अधिनियम 1977 का सख्ती से पालन करवाए, जिससे अवैध गौवध पर पूरी तरह रोक लगे।
रिद्धीश जागीरदार ने कहा कि गौशालाओं को सनातन धर्म की शक्ति केंद्र बनाना चाहिए और प्रत्येक व्यक्ति को अमावस्या पर गोशाला जाकर सेवा करनी चाहिए। उन्होंने इसे हिन्दू धर्म का धर्म दिवस बताया।
महेन्द्र रांका ने कहा कि जीवन में समृद्धि का वास्तविक मार्ग धर्म और सेवा से होकर गुजरता है। उन्होंने प्रतिदिन मंदिर जाने के साथ गाय को रोटी खिलाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मुकेश कटारीया ने बताया कि हिंदू धर्म में गौमाता में 33 कोटि देवताओं का वास माना गया है, अतः पहली रोटी गाय की रखने से घर में सुख, शांति और समृद्धि आती है। मुकेश जैन ने कहा कि यदि हर व्यक्ति प्रतिदिन एक रुपया गौमाता के लिए समर्पित करे तो सामूहिक रूप में बड़ा लक्ष्य साधा जा सकता है।
योगेश गोसर ने यह विचार रखा कि यदि देशभर की सभी गौशालाओं में भक्तजन नियमित रूप से पहुंचेंगे तो यह संस्कृति का पुनर्जागरण होगा और इसकी गूंज पूरे विश्व में सुनाई देगी।
अंत में जीएचएसपीसीए मंत्री सुरेन्द्र भंडारी का सम्मान संस्थापक अशोक रामपुरिया एवं उपस्थित गणमान्यों द्वारा किया गया।