समन्वय से काम करना होगा: अंबर किशोर झा

समन्वय से काम करना होगा: अंबर किशोर झा

मंचेरियाल, 16 अक्टूबर (शुभ लाभ ब्यूरो)। रामागुंडम के पुलिस आयुक्त अंबर किशोर झा ने आयुक्तालय के अंतर्गत आने वाले पुलिस अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के लिए समन्वय से काम करने की सलाह दी है। सितंबर महीने की अपराध समीक्षा के तहत बुधवार को पुलिस आयुक्त अंबर किशोर झा ने रामागुंडम पुलिस आयुक्तालय के पेद्दापल्ली और मंचेरियाल अंचल के पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की।

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने थानावार जांच की गुणवत्ता, मामलों के प्रतिशत में वृद्धि, लंबे समय से लंबित मामलों और अपराध रोकथाम के उपायों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने मामलों की जांच में तकनीक और वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने का आदेश दिया। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि एससी/एसटी अत्याचार और पॉक्सो मामलों में पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा मिले।

उन्होंने संपत्ति अपराधों पर विशेष ध्यान देने और अपराध नियंत्रण के लिए कदम उठाने को कहा। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों में विशेष टीम गठित कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में दस में से एक युवा की मौत हो रही है। उन्होंने कहा कि ग्राम सड़क सुरक्षा समितियां और सड़क सुरक्षा स्वयंसेवक गठित कर दुर्घटनाओं को रोकने के प्रयास किए जाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों को रोकने के लिए लोगों को जागरूक किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांजा और ड्रग्स के उन्मूलन पर सतर्कता रखी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

बैठक में मंचेरियाल और पेद्दापल्ली के डीसीपी ए. भसेर, करुणाकर, एडिशनल डीसीपी एडमिन श्रीनिवास, गोदावरीखानी, मंचेरियाल, पेद्दापल्ली, बेल्लमपल्ली के एसीपी एम. रमेश, आर. प्रकाश, जी. कृष्णा, रवि कुमार, विभिन्न विभागों के एसीपी श्रीनिवास, नागेंद्र गौड़, प्रताप, सीआई और एसआई ने भाग लिया।

Tags: