पूर्व सैनिकों के लिए अलग निगम बनाने पर विचार चल रहा है: शिवकुमार
-जय हिंद सभा कार्यक्रम का आयोजन
बेंगलूरु/शुभ लाभ ब्यूरो| राज्य के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा राज्य के सभी भूतपूर्व सैनिकों की सहायता के लिए एक अलग निगम की योजना बनाई गई है, तथा इस मुद्दे पर कैबिनेट बैठक में चर्चा की जाएगी तथा निर्णय लिया जाएगा| शहर के टाउन हॉल में आयोजित जय हिंद सभा कार्यक्रम में देश की सेवा करने वाले शहीद सैनिकों के परिजनों तथा वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों को सम्मानित करने के पश्चात बोलते हुए उन्होंने कहा कि हम कांग्रेस पार्टी के सैनिक विंग के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन की सलाह पर एक निगम बनाने के बारे में सोच रहे हैं|
उन्होंने कहा कि हम देश की सेवा करने वाले सैनिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं| ऐसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम का हिस्सा बनना गर्व की बात है| मैं देश तथा कांग्रेस पार्टी की ओर से आप सभी का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने देश को मजबूती प्रदान की है| कांग्रेस पार्टी हमेशा देश तथा हमारे सशस्त्र बलों के साथ खड़ी रहेगी| यह कार्यक्रम इस बात का प्रमाण है कि यह आपके योगदान को हमेशा याद रखेगा| भारतीय सेना में सेवा दे चुके वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों और पूर्व सैनिकों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया| देश की सेवा करते हुए शहीद हुए वीर सैनिकों के परिवार के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया|
अशोक चक्र विजेता स्वर्गीय मेजर संदीप उन्नीकृष्णन, शौर्य चक्र विजेता कर्नल जोजन थॉमस, मेजर एम.सी. मुथन्ना, मेजर गणेश मद्दप्पा, कैप्टन एम.वी. पंजाल, मेजर मोहन गंगाधरन, मेजर शफीक मोहम्मद खान और सेना मेडल विजेता कर्नल राममूर्ति के परिवार के सदस्यों को सम्मानित किया गया| कर्नाटक राज्य कांग्रेस कमेटी ने अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के निर्देशन में इस जय हिंद सभा कार्यक्रम का आयोजन किया| इस कार्यक्रम में एक हजार से अधिक वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों और पूर्व सैनिकों ने भाग लिया| एआईसीसी ने देश भर में इस कार्यक्रम को आयोजित करने का निर्देश दिया है, जिसका उद्देश्य देश की निस्वार्थ सेवा करने वाले भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि देना और उनके पीछे खड़े होना है|

