मैं मुख्यमंत्री पद का आकांक्षी नहीं हूं: मंत्री रामलिंगा रेड्डी

मैं मुख्यमंत्री पद का आकांक्षी नहीं हूं: मंत्री रामलिंगा रेड्डी

बेंगलूरु/शुभ लाभ ब्यूरो| राज्य कांग्रेस में नवंबर क्रांति को लेकर चल रही गरमागरम बहस के बीच, मुख्यमंत्री पद के दावेदारों की सूची बढ़ती जा रही है| हालाँकि, परिवहन मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने इस बात से साफ इनकार किया है कि वह मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं| मंत्रिमंडल में मुजराई और परिवहन विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे रामलिंगा रेड्डी की ओर से कुछ प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर एक अभियान शुरू किया है|

रामलिंगा रेड्डी ने स्पष्ट किया है कि वह मुख्यमंत्री पद के दावेदार नहीं हैं और यह कुर्सी खाली नहीं है| उन्होंने लोगों से इस तरह से प्रचार न करने की अपील की है| सोशल मीडिया पर सफाई देते हुए रामलिंगा रेड्डी ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से कुछ लोग सोशल मीडिया पर रामलिंगा रेड्डी फॉर सीएम नाम के पेज के जरिए खबरें फैला रहे हैं| उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में सरकार मजबूत है, मुख्यमंत्री का पद फिलहाल खाली नहीं है और मैं इसका दावेदार नहीं हूँ|

अगर आपमें मेरे और पार्टी के लिए जरा भी सम्मान है, तो कृपया इस तरह का बेबुनियाद प्रचार तुरंत बंद करें| मुख्यमंत्री सिद्धरामैया के नेतृत्व में हमारी सरकार जनता के लिए अच्छा काम कर रही है| इस समय हमारा एकमात्र लक्ष्य एकजुट होकर काम करना और जनता से किए गए वादों को पूरा करना होना चाहिए| मेरा एकमात्र ध्यान पार्टी और देश की जनता को सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाने पर है| रेड्डी ने लिखा मैं पार्टी के सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं और अपने शुभचिंतकों से अनुरोध करता हूँ कि वे इस तरह के भ्रामक प्रचार पर ध्यान न दें और इसमें शामिल न हों| आइए हम सब मिलकर पार्टी को मजबूत करें और राज्य के विकास के लिए काम करें|

Tags: