राज्य के विभिन्न जिलो में आज से प्री-मानसून वर्षा बढ़ने की संभावना

राज्य के विभिन्न जिलो में आज से प्री-मानसून वर्षा बढ़ने की संभावना

बेंगलूरु/शुभ लाभ ब्यूरो| राज्य के विभिन्न जिलो में बुधवार को व्यापक वर्षा हुई है और गुरुवार से प्री-मानसून वर्षा बढ़ने की संभावना है| राज्य में पिछले एक महीने से छिटपुट बारिश हो रही है| मैसूरु जिले में भी व्यापक वर्षा हुई| कर्नाटक राज्य प्राकृतिक आपदा निगरानी केंद्र के अनुसार, सबसे अधिक बारिश मांड्या जिले के मद्दूर तालुक के केरे ग्राम पंचायत क्षेत्र में ५८.५ मिमी हुई|

दक्षिण कन्नड़ और मांड्या जिलों में छिटपुट बारिश हुई है| बेंगलूरु ग्रामीण, दावणगेरे, चित्रदुर्ग, कोप्पल, चामराजनगर और रायचूर जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई| बेंगलूरु शहर, धारवाड़, हासन, बेलगावी, चिक्कमगलूरु, तुमकुरु, बीदर, विजयनगर, हावेरी, चिक्कबल्लापुर, विजयपुरा, शिवमोग्गा, रामनगर, उडुपी, कलबुर्गी, गदग, बेल्लारी, कोलार, यादगीर, बागलकोट और उत्तर कन्नड़ जिलों में केवल कुछ स्थानों पर मध्यम वर्षा हुई|

मौसम में कुछ बदलाव के कारण राज्य के अंदरूनी इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे तथा शाम और रात में गरज के साथ छींटे पड़ने और बिजली चमकने की संभावना है| कुछ स्थानों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि और आंधी-तूफान की संभावना है| मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के तटीय, मलनाड और आंतरिक जिलों में छिटपुट बारिश होगी| औसतन अगले पांच दिनों तक इसी तरह की बारिश जारी रहने की संभावना है|

Tags: