एसआईटी जांच में खुलासा : एक वोट हटवाने की कीमत 80 रुपए, छह संदिग्धों पर कसा शिकंजा

एसआईटी जांच में खुलासा : एक वोट हटवाने की कीमत 80 रुपए, छह संदिग्धों पर कसा शिकंजा

बेंगलूरु / शुभ लाभ ब्यूरो| कर्नाटक के कालाबुरगी जिले के आलंद विधानसभा क्षेत्र में हुए ‘वोट चोरी’ कांड की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है| स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने पाया है कि साल 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान मतदाता सूची से वोट डिलीट करने की साजिश रची गई थी| जांच में सामने आया कि प्रत्येक हटाए गए वोट के लिए संदिग्धों को 80 का भुगतान किया गया था| अब एसआईटी ने इस घोटाले में छह लोगों को मुख्य संदिग्ध मानते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है|


क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट के शीर्ष सूत्रों के अनुसार, आलंद क्षेत्र में करीब 6,994 वोट डिलीट करने के लिए आवेदन दिए गए थे| इनमें से ज्यादातर फर्जी थे| यह क्षेत्र कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का गृह जिला है और यहां से कांग्रेस विधायक बीआर पाटिल चुने गए हैं| पाटिल और मंत्री प्रियांक खरगे ने इस साजिश का खुलासा किया था और राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को इसकी जानकारी दी थी| पाटिल के मुताबिक, डिलीट करने के लिए जो वोट चुने गए थे, वे अधिकतर दलित और अल्पसंख्यक वर्ग से जुड़े कांग्रेस समर्थक थे|


कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कई हफ्ते पहले नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस ‘वोट चोरी’ कांड को गंभीर चुनावी अपराध बताते हुए चेतावनी दी थी| राहुल गांधी ने आलंद के उदाहरण का हवाला देते हुए कहा कि मतदाता सूची से जानबूझकर वोट हटाने की कोशिशें लोकतंत्र के साथ धोखा हैं|
इसी के बाद कर्नाटक सरकार ने इस मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया, जिसकी जिम्मेदारी सीआईडी के एडिशनल डायरेटर जनरल ऑफ पुलिस बीके सिंह को सौंपी गई| एसआईटी ने अब तक करीब 30 लोगों से पूछताछ की है, जिनमें से पांच से छह लोगों को मुख्य आरोपी के रूप में चिन्हित किया गया है|


एसआईटी ने संदिग्धों से जुड़े डेटा सेंटरों पर छापेमारी की, जहां वोट डिलीट करने के लिए ‘वॉइस ओवर इंटरनेट प्रोटोकॉल’ तकनीक का इस्तेमाल किया गया था| जांच एजेंसी ने भाजपा नेता सुबाष गुट्टेदार, उनके बेटों हर्षानंद और संतोष गुट्टेदार तथा उनके चार्टर्ड अकाउंटेंट के ठिकानों पर भी छापे मारे|

Read More प्रियंका गांधी की सांसदी पर मुश्किलों के बादल


इस दौरान एसआईटी को गुट्टेदार के घर के पास जली हुई मतदाता रिकॉर्ड की फाइलें मिलीं| इस पर गुट्टेदार ने सफाई दी कि दिवाली की सफाई के दौरान घर के कर्मचारियों ने कचरा सामग्री जला दी थी और इसमें कोई गलत नीयत नहीं थी|

Read More जयपुर की खौफनाक सुबह: CNG ट्रक में हुआ ब्लास्ट, 46 लोग आग की चपेट में, 7 जिंदा जले


आलंद विधायक बीआर पाटिल ने कहा कि वे एसआईटी की जांच के नतीजे का इंतजार कर रहे हैं| उन्होंने कहा कि अगर वे वोट डिलीट हो जाते, तो उनका चुनाव हारना तय था| साल 2023 के चुनाव में पाटिल ने भाजपा प्रत्याशी सुबाष गुट्टेदार को लगभग 10 हजार वोटों से हराया था|
इस बीच, मंत्री प्रियांक खरगे से इस मामले पर प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई है| एसआईटी का कहना है कि अभी जांच आलंद तक सीमित है, लेकिन जरूरत पड़ने पर अन्य क्षेत्रों में भी जांच बढ़ाई जा सकती है| यह मामला कर्नाटक में चुनावी ईमानदारी पर बड़ा सवाल खड़ा करता है|

Read More जनरल बिपिन रावत की संदेहास्पद मौत की जांच हुई या लीपापोती?