प्रियंका गांधी की सांसदी पर मुश्किलों के बादल
झूठा हलफनामा भरने का मामला केरल हाईकोर्ट पहुंचा
उपचुनाव के दौरान नामांकन पत्र में प्रियंका गांधी ने खुद की और अपने परिवार की सम्पत्ति की सही जानकारी का उल्लेख नहीं किया है। आरोप है कि प्रियंका गांधी ने चुनावी पत्र में गलत आंकड़े बताए हैं।
वायनाड (केरल), 21 दिसंबर (एजेंसियां)। केरल की वायनाड लोकसभा सीट से निर्वाचित कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। भाजपा नेता नव्या हरिदास ने केरल हाईकोर्ट में कांग्रेस सांसद के खिलाफ याचिका दाखिल की है। नव्या ने अपनी याचिका में प्रियंका गांधी की वायनाड लोकसभा सीट से निर्वाचन को चुनौती दी है।
याचिका में दावा किया गया है कि उपचुनाव के दौरान नामांकन पत्र में प्रियंका गांधी ने खुद की और अपने परिवार की सम्पत्ति की सही जानकारी का उल्लेख नहीं किया है। आरोप है कि प्रियंका गांधी ने चुनावी पत्र में गलत आंकड़े बताए हैं। नव्य हरिदास का कहना है कि झूठा हलफनामा दाखिल करना आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। उन्होंने इसे भ्रष्ट आचरण करार दिया है। केरल हाईकोर्ट में याचिका दायर होने के बाद अब प्रिंयका गांधी की वायनाड से सांसदी सवालों के घेर में आ गई है।
भारतीय जनता पार्टी की नेता नव्या हरिदास 13 नवंबर को हुए वायनाड लोकसभा सीट के उपचुनाव में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के खिलाफ मैदान में थीं। लेकिन नव्या गांधी से 5,12,399 मतों से हार गई थीं।। वे भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के सत्यन मोकेरी के बाद तीसरे स्थान पर रही थीं। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रायबरेली के साथ-साथ वायनाड सीट से जीत हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने रायबरेली सीट अपने पास रखते हुए वायनाड सीट से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद वायनाड में हुए उपचुनाव में प्रियंका गांधी ने जीत दर्ज की थी।
नव्या हरिदास द्वारा केरल हाईकोर्ट में दाखिल की गई याचिका पर जनवरी 2025 में सुनवाई हो सकती है। भाजपा नेता का कहना है कि हाईकोर्ट में 23 दिसंबर से 5 जनवरी तक अवकाश के चलते मामले की सुनवाई बाधित रहेगी। प्रियंका गांधी ने अपने चुनावी हलफनामे में बताया था कि उनके पास कुल 4.24 करोड़ रुपए की चल सम्पत्ति है जबकि कुल अचल सम्पत्ति 13.89 करोड़ रुपए की है। प्रियंका ने बताया था कि उनके पति रॉबर्ड वाड्रा के पास कुल 37.91 करोड़ रुपए की चल सम्पति है। इस चुनावी हलफनामे के मुताबिक प्रियंका गांधी पर करीब 15 लाख 75 हजार रुपए का कर्ज है।