ठग हेयर डिजाइनर जावेद हबीब फरार

200 लोगों से ठगे 10 करोड़, 32 केस दर्ज

 ठग हेयर डिजाइनर जावेद हबीब फरार

संभल, 25 अक्टूबर (एजेंसियां)। करोड़ों की ठगी के मामले में नामवर हेयर डिजाइनर जावेद हबीब फरार है। उसकी गिरफ्तारी की कोशिशें चल रही हैं। इस बीच पुलिस को पता चला कि जावेद हबीब ठगी की रकम लौटाने के लिए तैयार है। लेकिन इतनी बड़ी रकम वहां कहां से लाएगा और उसकी क्या प्रामाणिकता है, इसकी छानबीन की जा रही है। जावेद हबीब ने 200 लोगों से सात से 10 करोड़ रुपए ठगे हैं। उस पर ठगी के 32 केस दर्ज हैं। ठगी में जावेद हबीब का बेटा अनोस भी लिप्त है।

रायसत्ती थाना प्रभारी का कहना है कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। यदि किसी से संपर्क किया गया होगा तो सीधे किया गया होगा। हम दर्ज मुकदमों में जांच कर रहे हैं। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उधर आयकर विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि पैसे लौटाने की बातें केवल गिरफ्तारी से बचने की पेशबंदी है। यह भी ठगी का ही हिस्सा है। सात से 10 करोड़ की रकम वापस लौटाने के पहले जावेद हबीब को कई कानूनी सवालों से होकर गुजरना होगा। अगर यह इतना ही आसान होता तो जावेद हबीब फरार क्यों होते?

Tags: