यदुवंशी हैं तो कृष्ण जन्मभूमि के लिए आवाज उठाएं अखिलेश
निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने साधा निशाना
बरेली, 25 अक्टूबर (एजेंसियां)। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। संजय निषाद ने एनडीए को समर्थन दोहराते हुए कहा, हम त्रेता युग से एनडीए के साथ हैं। भगवान राम और निषाद राज की दोस्ती हमारी आइडियोलॉजी की जड़ है। हम एनडीए के साथ हैं और इसके साथ ही रहेंगे।
अखिलेश यादव के लिए संजय निषाद ने कहा, अगर अखिलेश यादव खुद को यादव कहते हैं और भगवान कृष्ण का वंशज होने का दावा करते हैं तो उन्हें कृष्ण जन्मभूमि की आजादी के लिए भी आवाज उठानी चाहिए। जैसे अयोध्या में राम जन्मभूमि के लिए लड़ाई हुई थी। अगर वह अपनी परंपरा की रक्षा नहीं कर सकते तो दूसरों की रक्षा कैसे करेंगे?
संजय निषाद ने अखिलेश यादव के दीये वाले बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दीया बनाने वाले प्रजापति समाज के लोग ही देश की संस्कृति के रक्षक हैं। जो मिट्टी का दीया बनाते हैं, वही इस देश की सभ्यता के असली रक्षक हैं और उन्हीं के रोजगार पर विपक्ष सवाल उठा रहा है। दीया बनाने वाला प्रजापति समाज है। वह गरीब इसलिए है क्योंकि अंग्रेजों से लड़ा था। संजय निषाद ने कहा, हमारे पूर्वजों ने मिट्टी के दीये से न सिर्फ घर रौशन किए, बल्कि आजादी की मशाल भी जलाई। जो लोग दीपोत्सव का विरोध कर रहे हैं, उन्हें भारतीय संस्कृति का सम्मान करना चाहिए, न कि अपमान। कृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर बोले, अगर अखिलेश यादव खुद को यादव कहते हैं, कृष्ण के वंशज होने का दावा करते हैं तो मथुरा की जन्मभूमि की मुक्ति के लिए भी उन्हें आवाज उठानी चाहिए। कैबिनेट मंत्री ने बिहार चुनाव को लेकर विपक्ष के दावों को सिरे से खारिज किया।
उन्होंने कहा, हम त्रेतायुग से एनडीए के साथ हैं। भगवान राम और निषादराज की मित्रता हमारी विचारधारा की जड़ है। एनडीए सम्मान देता है, इसलिए हम उनके साथ हैं और रहेंगे। उन्होंने सपा और बसपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘चार बार सरकारें बनीं, लेकिन पिछड़ों के नाम पर सिर्फ राजनीति हुई। न शिक्षा आयोग बना, न कोई ठोस कदम उठा। डबल इंजन सरकार ने पहली बार सबके विकास की दिशा तय की है। निषाद बोले, पीडीए के नाम पर वोट लिए जाते हैं, लेकिन सरकार में अगड़ों का राज होता है। जब मायावती आती हैं तो सतीश मिश्रा का राज रहता है। सपा सरकार में पहले अमर सिंह का राज रहा, अब माता प्रसाद पांडे की कंपनी काम करती है। उन्होंने कहा कि यूपी में आज दंगे नहीं होते हैं, दंगाई घबरा रहे हैं। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए योजनाएं चलाई जा रहीं हैं। इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने मत्स्य विभाग की 107 परियोजनाओं की स्थिति जानी। उन्होंने मत्स्य विभाग की 107 परियोजनाओं के बारे में बताया, कहा 105 पूरी तरह शुरू हो चुकी हैं। तीन हजार से ज्यादा पोखरों को चिन्हित किया गया है, जिन पर अब निषाद समुदाय को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर पोखरे किसी दूसरे वर्ग को गलत तरीके से दिए गए हैं, तो उन्हें कैंसिल कराकर असली पात्रों को सौंपा जाएगा। मछुआरों को बिना गारंटी किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए तीन लाख रुपए तक का लोन चार प्रतिशत ब्याज दर पर मिल रहा है। इसके साथ ही उन्हें ट्रेनिंग और बीमा की भी सुविधा दी जा रही है। मंत्री ने बिहार चुनाव में एनडीए की जीत का दावा किया और पिछली सरकारों पर पिछड़ों के विकास की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
#संजय_निषाद, #निषाद_पार्टी, #अखिलेश_यादव, #कृष्ण_जन्मभूमि, #एनडीए, #त्रेतायुग, #राम_जन्मभूमि, #दीपोत्सव, #प्रजापति_समाज, #मत्स्य_विकास, #पिछड़ों_का_विकास, #किसान_क्रेडिट_कार्ड, #उत्तर_प्रदेश_राजनीति

