बंडी संजय ने अर्बन नक्सलियों पर दोहरे मापदंड अपनाने का लगाया आरोप
हैदराबाद, 20 नवंबर (एजेंसियां)। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने गुरुवार कोअर्बन नक्सल और कम्युनिस्ट पार्टियों पर तीखा हमला बोला और उन पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए समाज की भलाई में उनके योगदान पर सवाल उठाया।
श्री कुमार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यालय में पत्रकारों से कहा कि ऐसे लोग नरेन्द्र मोदी सरकार की उपलब्धियों को जानबूझकर नजरंदाज कर रहे हैं, जो जनता को तो भड़काने में लगे रहते हैं लेकिन खुद आराम की जिंदगी बसर करते हैं। उन्होने तेलंगाना में कांग्रेस सरकार का समर्थन और उसके संस्थानों में पद स्वीकार करने वालों पर भी निशाना साधा।
उन्होंने सवाल किया कि तथाकथित अर्बन नक्सलियों को लोगों को भड़काने और अशांति पैदा करने से क्या मिलता है। उन्होंने कहा, "वे वातानुकूलित कमरों में बैठते हैं। फर्जी एनकाउंटर के बारे में बोलते हैं। श्रद्धांजलि देते हैं और किसी के मरने के बाद गाना गाते हैं। क्या उन्होंने कभी उन लोगों से समर्पण करने के लिए कहा? उनके पास असल में क्या स्पष्टता या लक्ष्य है?"
उन्होंने केंद्र सरकार की पहलों को गिनाते हुए कहा कि भाजपा ने बैलेट के जरिए जनता का जनादेश हासिल किया था और लगभग 20 राज्यों में सत्ता में बनी हुई है। उन्होंने कहा, "हमने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन दिया है और भारत को दुनिया की टॉप चार अर्थव्यवस्था में शामिल किया है। हमारा मिशन 2047 तक भारत को नंबर 1 देश बनाना है।" उन्होंने इसके उलट वामपंथी समूहों के लक्ष्यों पर सवाल उठाया।

