राष्ट्रपति द्रौपदी हैदराबाद से नयी दिल्ली के लिए रवाना हुईं
हैदराबाद, 22 दिसंबर (शुभ लाभ ब्यूरो)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शनिवार को अपना पांच दिवसीय हैदराबाद का दौरा समाप्त करने के बाद नई दिल्ली के लिए रवाना हुईं।
राज्यपाल जिष्णुदेव वर्मा, केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी, मंत्री अनसूया सीताक्का और गणमान्य व्यक्तियों ने शहर के बाहरी इलाके स्थित वायुसेना स्टेशन, हकीमपेट में उन्हें गर्मजोशी से विदाई दी। अपने पांच दिवसीय प्रवास के दौरान, राष्ट्रपति ने एम्स, मंगलगिरी, आंध्र प्रदेश के दीक्षांत समारोह, राष्ट्रपति निलयम में विभिन्न पहलों के उद्घाटन, शिलान्यास सहित कई कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने शहर में कॉलेज ऑफ डिफेंस मैनेजमेंट, सिकंदराबाद को राष्ट्रपति ध्वज भी प्रदान किया और गणमान्य व्यक्तियों से मुलाकात की। इसके अलावा, ‘एट होम’ की मेजबानी भी की, जिसमें मुख्यमंत्री, मंत्री और अधिकारी शामिल हुए। ‘एट होम’ का आयोजन राष्ट्रपति निलयम में किया गया, जहां वह ठहरी थीं।

