सिरेमिक कचरे से बुलंदशहर में बनाई गई अनोखी-दुनिया!
बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण की पहल से बना पार्क
कलाकारों और कारीगरों की टीम ने तैयार की अनोखी कलाकृतियां
लखनऊ/बुलंदशहर, 07 सितंबर (एजेंसियां)। योगी सरकार द्वारा लगातार प्रदेश के पांरपरिक उद्योगों को विश्व पटल पर पहचान दिलाने के साथ आधुनिकता से जोड़ा जा रहा है। इसी के तहत योगी सरकार ने पिछले आठ वर्षों में लोकल फॉर वोकल को आत्मसात करते हुए वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के जरिए प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को नई पहचान दी है। इस दिशा में योगी सरकार द्वारा एक अनूठी पहल की गयी है। योगी सरकार के निर्देश पर बुलंदशहर में अनोखी दुनिया नाम से एक पार्क बनाया गया है, जिसे सिरेमिक कचरे से बनाया गया है, यह दुनिया का पहला सिरेमिक वेस्ट पार्क है। यह पार्क माह के अंत तक पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा।
बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण के वीसी डॉ. अंकुर लाठर ने बताया कि बुलंदशहर के खुर्जा को सिरेमिक की राजधानी कहा जाता है। यहां बने विश्वस्तरीय डिजाइन, आकार, शैली के बर्तन व उत्पाद देश-विदेश में अपनी पहचान बना चुके हैं। ऐसे में सीएम योगी की मंशा के अनुरूप खुर्जा की पारंपरिक विरासत को विश्व पटल पर अलग पहचान दिलाने के लिए अनोखी दुनिया नामक सिरेमिक पार्क का निर्माण किया गया है। यह पार्क न केवल खुर्जा की कला और कारीगरी को प्रदर्शित करता है, बल्कि शहर को पर्यटन की दृष्टि से भी एक नया मुकाम दिलाने में अपनी अहम भूमिका निभाएगा।
वीसी ने बताया कि अनोखी दुनिया नामक पार्क को पीपीपी मोड पर बनाया गया है। यह पार्क करीब 2 एकड़ में फैला हुआ है। इस पार्क की खासियत है कि यह दुनिया का पहला सिरेमिक वेस्ट पार्क है। उन्होंने बताया कि अनोखी दुनिया पार्क में छह कलाकारों और 120 कारीगरों की टीम ने मिलकर कई महीनों की मेहनत से करीब 100 छोटी-बड़ी अनोखी कलाकृतियां तैयार की हैं। इसमें 28 बड़ी कलाकृतियां मुख्य आकर्षण का केंद्र हैं।
यह कलाकृतियां टूटी हुई सुराहियों, कप, केतली और अन्य बर्तनों के टुकड़ों से बनाई गई हैं। यहां बड़े आकार के कप, केतली, सुराही और कई अन्य कलात्मक नमूने देखने को मिलेंगे, जिन्हें रंग-बिरंगे और आकर्षक अंदाज़ में सजाया गया है। यह पार्क सभी आयु वर्ग के लोगों को लुभाने में सक्षम है।
पार्क को 80 टन सिरेमिक कचरे से तैयार किया गया है, जो वेस्ट-टू-आर्ट का उत्कृष्ट उदाहरण है। अनोखी दुनिया पार्क पीपीपी मोड पर 5 करोड़ 86 लाख की लागत से बनकर तैयार हुआ है। यह पार्क पर्यटकों के लिए सितंबर माह के अंत तक खोल दिया जाएगा। इस पार्क में हरियाली का भी विशेष ध्यान रखा गया है।
#Bulandshahr,#CeramicWaste,#Innovation,#UniqueCreation,#Environment,#Recycling,#WasteToWonder,#UPNews