पर्यटन मंत्री ने दीक्षान्त समारोह में मेधावियों को पदक दिए

विकसित भारत में युवाओं की भूमिका

पर्यटन मंत्री ने दीक्षान्त समारोह में मेधावियों को पदक दिए

महिलाओं ने मारी बाजी

 

लखनऊ, 10 सितंबर 2025। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने आज भातखण्डे संस्कृति विश्वविद्यालय, लखनऊ के कलामंडपम् प्रेक्षागृह में आयोजित 15वें दीक्षान्त समारोह में मेधावी छात्र-छात्राओं को 40 पदक प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में मेधावी विद्यार्थियों की प्रमुख भूमिका होगी।

उन्होंने कहा कि वैश्विक परिदृश्य तेजी से बदल रहा है और आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। पर्यटन मंत्री ने स्पष्ट किया कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब उत्तर प्रदेश का हर जिला समान रूप से विकसित होगा और इसके लिए जनता का सहयोग आवश्यक है।

दीक्षान्त समारोह में पर्यटन मंत्री ने कुल 25 स्वर्ण, 07 रजत और 08 कांस्य पदक वितरित किए। इनमें सर्वाधिक आठ पदक एमपीए कथक नृत्य की अंशिका कटारिया को मिले। इसके अलावा वैभवी, अभय सिंह, शिवम कुमार, स्वर्णिर्मा वर्मा, शिवांशी श्रीवास्तव, याशिका गौड़, सहस उपाध्याय, ओमकार तिवारी, मनसा तिवारी, राजर्षि मिश्रा, गौरव मिश्रा, सक्षम श्रीवास्तव, अमित कुमार, प्रशांत भारती, अनंत शर्मा और दैवांश प्रसाद सहित कई छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

समारोह में 09 शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि भी प्रदान की गई, जिनमें रश्मि उपाध्याय, अमिता चौहान, पूजा द्विवेदी, शिवरूचि सिंह, अस्मिता श्रीवास्तव, अर्चना तिवारी, मंजू मलकानी, शैलजा शुक्ला और उपासना दीक्षित शामिल हैं।

Read More शिक्षण संस्थान केवल बच्चों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला हैः योगी

अपने संबोधन में पर्यटन मंत्री ने कहा कि लगभग सौ वर्ष पूर्व पं. विष्णु नारायण भातखण्डे द्वारा स्थापित इस संस्थान को राज्य सरकार ने 2022 में विश्वविद्यालय का दर्जा दिया था और अब यह संगीत, नाट्य और कला के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि पदक प्राप्त करने वालों में 51 प्रतिशत महिलाएं हैं, जो महिला शक्ति की बढ़ती भागीदारी और सफलता का संकेत है।

Read More मद्दुर कस्बे में बंदोबस्त के लिए पुलिस के साथ आरएएफ की दो कंपनियाँ तैनात

कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने की जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य मंत्री उच्च शिक्षा श्रीमती रजनी तिवारी उपस्थित रहीं। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर मांडवी सिंह ने संस्थापक को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की जानकारी दी।

Read More खिलौना बनाने वाला अलीगढ़ बना रहा असली हथियार

समारोह का शुभारंभ शोभा यात्रा, राष्ट्रगीत और विश्वविद्यालय गीत से हुआ। इस अवसर पर हरदोई जनपद के आंगनबाड़ी केंद्रों को किट वितरित की गई तथा सीडीओ हरदोई सान्या छाबड़ा को स्मृति चिन्ह और प्राथमिक विद्यालयों के प्रचार हेतु पुस्तक भेंट की गई। राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़ीं, जबकि मुख्य अतिथि डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे ने ऑनलाइन शुभकामनाएं प्रेषित कीं। अंत में कुलसचिव डॉ. सृष्टि धवन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

Tags: