त्रिपुरा के डिटेंशन सेंटर से 10 और घुसपैठिए भागे
स्थानीय लोगों और पुलिस की मिलीभगत का संदेह
अगरतला, 05 अक्टूबर (एजेंसियां)। त्रिपुरा के अगरतला शहर के पास नरसिंहगढ़ में स्थित डिटेंशन सेंटर से 10 बांग्लादेशी घुसपैठिए भाग गए। फरार होने वालों में एक नाबालिग भी शामिल है। घुसपैठिए तब भागे जब इन्हें बांग्लादेश वापस भेजे जाने (प्रत्यर्पण) की प्रक्रिया चल रही थी। पुलिस ने इस घटना पर केस दर्ज कर लिया है और भागे हुए लोगों को तलाशने के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। घुसपैठियों की फरारी में स्थानीय लोगों और पुलिस की मिलीभगत का अंदेशा जताया जा रहा है।
डिटेंशन सेंटर के चारों ओर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस उन सभी रास्तों पर कड़ी नजर रख रही है जहां से ये भाग सकते हैं। नजदीकी गाँवों और शहरों में पुलिस पेट्रोलिंग तेज कर दी गई है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें कोई संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
त्रिपुरा में कुछ ही दिनों में घुसपैठियों के भागने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 1 अक्टूबर को उत्तर त्रिपुरा की धर्मनगर जेल से भी 6 कैदी भाग गए थे, जिनमें से 2 को बाद में पकड़ लिया गया था। राज्य में अवैध प्रवासियों पर नजर रखने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि वे डिटेंशन सेंटर से भागे हुए सभी लोगों को जल्द से जल्द पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं।
#त्रिपुरा, #डिटेंशनसेंटर, #घुसपैठी, #सुरक्षा, #पुलिस, #राज्यसमाचार, #बचाव, #न्यूज