बिहार में भाजपा की प्रचंड जीत से उत्तर मंडल-5 के कार्यकर्ताओं में उत्साह
लखनऊ में जश्न का माहौल
लखनऊ। बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग की ऐतिहासिक जीत का उत्साह राजधानी लखनऊ तक दिखाई दिया। उत्तर मंडल-5 महानगर लखनऊ के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने इस जीत को पूरे उल्लास के साथ मनाया। इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर मंडल अध्यक्ष संजय तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का बड़ा हुजूम हाथों में भगवा झंडे और भाजपा के प्रतीक चिह्न लिए उमड़ पड़ा। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ नाचते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और आतिशबाजी कर अपनी खुशी व्यक्त की।

मीडिया प्रभारी ओ.पी. तिवारी ने बताया कि मंडल अध्यक्ष संजय तिवारी के चेहरे पर जीत की चमक साफ झलक रही थी। उन्होंने कहा कि बिहार की प्रचंड जीत से भी बड़ी ऐतिहासिक विजय 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि उत्तर मंडल-5 के कार्यकर्ता प्रतिदिन 14 घंटे समर्पित भाव से भाजपा के विस्तार, संगठन सुदृढ़ीकरण और जनता तक सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाने में अपना योगदान दे रहे हैं। यही जमीनी मेहनत भविष्य की और भी बड़ी जीत का आधार बनेगी।

संजय तिवारी ने सभी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत केवल बिहार की नहीं, बल्कि भाजपा कार्यकर्ताओं की अनुशासन, मेहनत और नेतृत्व के प्रति आस्था का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जीत का यह उत्साह ऊर्जा में बदलकर आगामी चुनावों में भाजपा को और मजबूती देगा।

इस अवसर पर मंडल महामंत्री सी.के. वर्मा, मंडल महामंत्री अक्षय मिश्रा, वार्ड अध्यक्ष सर्वेश सिंह, भाजपा नेता आकाश गुप्ता, उपाध्यक्ष सुशील सिंह, शिखा शुक्ला, कमलेश्वर सोनी, लक्ष्मी कश्यप, पूनम राय, मंडल मंत्री, शनि दीक्षित, शक्ति केंद्र संयोजक जया पांडेय, बूथ अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

