कथा के दौरान मची भगदड़, कई महिलाएं चोटिल

कथा के दौरान मची भगदड़, कई महिलाएं चोटिल

मेरठ, 20 दिसंबर (एजेंसियां)। मेरठ के शताब्दी नगर में चल रही प्रदीप मिश्रा की शिवमहापुराण के दौरान भगदड़ मच गई। कई महिलाओं को हल्की चोटें भी आई हैं। कथा का आज छठा दिन था।

हर दिन जहां डेढ़ लाख श्रद्धालु कथा सुनने पहुंच रहे थे वहीं आज श्रद्धालुओं की संख्या ढाई लाख पहुंच गई। बताया गया कि व्यवस्था बनाने में काफी दिक्कत आई। भीतर की तरफ पंडाल पूरी तरह फुल हो गया, जबकि बाहर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हो गए थे। इनमें काफी संख्या में महिलाएं भी थीं। बाहर जमा श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान कई महिलाएं मामूली रूप से चोटिल हो गईं। आयोजकों को कहना है कि कथा स्थल पर भगदड़ नहीं मची बल्कि बाहर ज्यादा संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, ऐसे में पंडाल के बाहर जमा श्रद्धालुओं की व्यवस्था बनाने में परेशानी हुई। इस दौरान कुछ महिलाएं गिर गईं।

शताब्दीनगर में चल रही शिव महापुराण कथा में गुरुवार को कथा व्यास पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि परमात्मा ने जो भी अवसर दिए हैं, उनका सदुपयोग करें। अगर सदुपयोग कर लिया तो फिर कोई आपको गिराने वाला नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म दैवीय सुगंध है। सनातन की सुगंध को कोई मिटा नहीं सकता। कथा में महामंडलेश्वर अनंतदास महाराज (फ्लाइट बाबा) भी पहुंचे। पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने व्यास पीठ का पूजन किया। पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि अगर कोई असमर्थ बालक या बालिका को शिक्षा दिलवा सके तो इससे बेहतर कोई दान नहीं है। महीने में एक शिवरात्रि, वर्ष में बारह शिवरात्रि और महाशिवरात्रि आती है, वहीं शिव कथा के मध्य में नित्य ही शिवरात्रि आती है। कथा से पूर्व वीआईपी पंडाल से कुर्सी हटा दी गई। कुर्सी हटाने पर उन्होंने कहा कि बहुत प्रसन्नता हो रही वीआईपी वालों के घुटने मेरे भोले बाबा ने सही कर दिए हैं। सभी नीचे जमीन पर आराम से बैठे हैं।

कथा व्यास ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी ने भी नारा दिया है- बंटोगे तो कटोगे। यह संदेश सबको साथ जोड़ने के लिए है। उन्होंने कहा कि सभी समूह में रहें। चींटी भी हमें ज्ञान देती हैं। चींटियां समूह में चलती हैं। इसलिए चींटी से एकजुट होना सीखें। वे एकजुट होकर कचरे में भी शक्कर का दाना निकाल लेती हैं। कथा के दौरान अंतिम दिन भारी भीड़ से अव्यवस्था हावी रही। भीड़ अधिक होने के कारण हर तरफ बैरिकेडिंग की गई थी। वीआईपी कार्ड धारकों को गेट नंबर 1 से अंदर भेजा जा रहा था। इसी दौरान काफी संख्या में महिलाएं इस गेट की ओर चली आईं। पुलिस ने इस गेट से महिलाओं को जाने से रोका तो इसी दौरान कुछ महिलाएं पीछे लौटते समय नीचे गिर गईं। नीचे गिरी महिलाओं को अन्य श्रद्धालुओं ने उठाया। इसी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे कथा में भगदड़ की अफवाह फैल गई। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि कथा में किसी तरह की कोई भगदड़ नहीं मची है।

Read More संभल की बावड़ी में मिला बेशकीमती लाल पत्थर का फर्श

Tags: