कर्नाटक उच्च न्यायालय के बाहर ड्रोन उड़ाने पर दो लोग गिरफ्तार

कर्नाटक उच्च न्यायालय के बाहर ड्रोन उड़ाने पर दो लोग गिरफ्तार

बेंगलूरु/शुभ लाभ ब्यूरो| विधान सौधा पुलिस ने रविवार रात उच्च न्यायालय के बाहर कथित तौर पर ड्रोन उड़ाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है| यह घटना तब सामने आई जब उच्च न्यायालय की सुरक्षा टीम ने उच्च सुरक्षा क्षेत्र में ड्रोन देखा और नियंत्रण कक्ष को सूचित किया| पुलिस नियंत्रण कक्ष ने गश्त पर तैनात होयसला गश्ती वाहनों को सूचित किया| सहायक उप-निरीक्षक श्रीनिवास डी.बी. और उनके सहयोगी तुरंत मौके पर पहुँचे|

उन्होंने देखा कि ड्रोन को दो व्यक्ति चला रहे थे जो विधान सौधा की रिकॉर्डिंग करके सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की कोशिश कर रहे थे| पुलिस ने विशाल और रोहित के खिलाफ बीएनएस धारा १२५ (दूसरों की जान या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कृत्य) और २८९ (मशीनरी के संबंध में लापरवाही) के तहत मामला दर्ज किया|

पुलिस ने संदिग्धों का पता लगाया और पता चला कि दोनों विधान सौधा की लाइटिंग को बेहतर एंगल से कैद करना चाहते थे| एक अधिकारी ने कहा पुलिस ने दोनों से पूछताछ की है और उन्हें थाने में जमानत पर रिहा करने से पहले उनके बयान दर्ज किए गए हैं| इस इलाके को उच्च सुरक्षा वाला क्षेत्र माना जाता है जहाँ उच्च न्यायालय, विधान सौधा, राज्यपाल निवास, जीपीओ और अन्य सरकारी कार्यालय जैसे प्रमुख प्रतिष्ठान स्थित हैं| पुलिस ने बताया कि यह नो-फ्लाई जोन है और यहाँ अनाधिकृत वीडियो बनाना या ड्रोन उड़ाना प्रतिबंधित है|

Tags: